चकरभाठा पुलिस ने चोरी का तार किया बरामद, पूछताछ में आरोपियों ने कबूला अपराध
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ार स्थित शासकीय स्कूल परिसर में लगे बोरवेल का करीब 30 मीटर केबल तार काटकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया कटा हुआ केबल तार बरामद कर लिया है। चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को शासकीय स्कूल कड़ार के प्रधान पाठक पन्नालाल कौशिक ने चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि स्कूल परिसर में लगे बोरवेल का करीब 30 मीटर केबल तार अज्ञात चोर काटकर ले गए हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना से खुला मामला
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदात में ग्राम कड़ार के ही चार युवकों का हाथ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दीपक साहू (22), रामनारायण साहू (19), आनंद खरे (22) और पुरुषोत्तम वर्मा (24) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में चारों आरोपियों ने स्कूल परिसर के बोरवेल से केबल तार काटकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 30 मीटर कटा हुआ केबल तार बरामद कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अपराध की सूचना तत्काल देने की अपील
चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध अथवा अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
