– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट के विस्तार की उम्मीदों को अब नई उड़ान मिलने लगी है। जिला प्रशासन ने एयरपोर्ट के रनवे को मौजूदा 1498 मीटर से बढ़ाकर 2880 मीटर करने का प्रस्ताव राज्य शासन को भेज दिया है। इसके साथ ही नए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) सेंटर के निर्माण की भी योजना है। दोनों कार्यों के लिए कुल करीब 104 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। हालांकि, अभी शासन से रनवे और एटीसी सेंटर को अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है। फिलहाल बाउंड्रीवॉल और पेरिफेरी रोड निर्माण को मंजूरी मिली है।
1382 मीटर लंबा होगा नया विस्तार
प्रस्ताव के अनुसार एयरपोर्ट के मौजूदा रनवे में 1382 मीटर की वृद्धि की जाएगी। इसकी लंबाई 2880 मीटर और चौड़ाई 45 मीटर करने की योजना है। वर्तमान में रनवे की चौड़ाई 30 मीटर है। सेना से जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रनवे विस्तार की राह और आसान होने की उम्मीद है।
* रनवे विस्तार : 63 करोड़ रुपये
* नया एटीसी सेंटर : 41 करोड़ रुपये
* कुल प्रस्ताव : करीब 104 करोड़ रुपये
पहले 400-450 मीटर विस्तार का विकल्प
पूरे 2880 मीटर रनवे के निर्माण में समय लगने की संभावना को देखते हुए विशेषज्ञों ने तत्काल सुविधा बढ़ाने के लिए पहले चरण में रनवे को 400 से 450 मीटर तक बढ़ाने का विकल्प भी सुझाया है। इससे एयरपोर्ट की क्षमता में अपेक्षाकृत कम समय में सुधार किया जा सकता है और यह चार-सी श्रेणी की आवश्यकताओं के करीब पहुंच सकता है।
अभी जगदलपुर-अंबिकापुर से भी छोटा है रनवे
बिलासपुर एयरपोर्ट का मौजूदा रनवे क्षेत्र के अन्य एयरपोर्ट की तुलना में छोटा है। हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति के अनुसार जगदलपुर एयरपोर्ट का रनवे करीब 1700 मीटर और अंबिकापुर का करीब 1800 मीटर लंबा है। बिलासपुर में रनवे की लंबाई 1800 मीटर होने पर वह इन दोनों एयरपोर्ट के मौजूदा रनवे के बराबर पहुंच जाएगा।
निर्माण में लग सकते हैं तीन साल
जानकारों के मुताबिक शासन की स्वीकृति, तकनीकी प्रक्रिया और निविदा आदि औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने में करीब छह माह लग सकते हैं। इसके बाद पूरे रनवे विस्तार को पूरा करने में दो से तीन वर्ष तक का समय लगने का अनुमान है।
@ – रनवे विस्तार प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है। रनवे और एटीसी सेंटर निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। फिलहाल बाउंड्रीवॉल और पेरिफेरी रोड निर्माण को मंजूरी मिली है। इन दोनों कार्यों को जल्द शुरू कराया जाएगा। अभी बाउंड्रीवॉल और पेरिफेरी रोड को हरी झंडी मिल चुकी है, जिसका कार्य किया जाएगा।
संदीप अग्रवाल
सीईओ,जिला पंचायत
बिलासपुर
बॉक्स : आइटम
– रनवे की लंबाई : 1498 से 2880 मीटर
– रनवे की चौड़ाई : 30 से 45 मीटर
– अतिरिक्त रनवे : 1382 मीटर
– रनवे विस्तार प्रस्ताव : 63 करोड़
– एटीसी सेंटर प्रस्ताव : 41 करोड़
– तत्काल विकल्प : 400-450 मीटर विस्तार
– अनुमानित निर्माण अवधि : 2 से 3 वर्ष
बिलासपुर के लिए यह विस्तार महज रनवे की लंबाई बढ़ाने की योजना नहीं, बल्कि क्षेत्र की बेहतर हवाई कनेक्टिविटी और बड़े विमानों के संचालन की संभावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है।
