– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर । कोटा क्षेत्र के ग्राम दवनपुर में शनिवार को खेत में काम कर रहे एक किसान पर अचानक बाघिन ने हमला कर दिया। बाघिन ने किसान पर पीछे से झपट्टा मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में किसान के हाथ, पैर और चेहरे पर चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में जंगल जाने और खेत-खार में काम करने को लेकर भय व्याप्त हो गया है।
20 दिन में बाघिन के हमले की दूसरी घटना, ग्रामीणों में दहशत; घायल किसान गनियारी रेफर
जानकारी के अनुसार दवनपुर निवासी 42 वर्षीय किसान संजय मरकाम अपने खेत में धान की फसल में खाद डालने का काम कर रहा था। इसी दौरान धान की फसल के बीच पहले से घात लगाकर बैठी बाघिन अचानक बाहर निकली और संजय पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से किसान को संभलने या बचने का मौका नहीं मिला। बाघिन के हमले में उसके बाएं हाथ, बाएं पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
कोटा अस्पताल में प्राथमिक उपचार, गनियारी रेफर
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल किसान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए गनियारी स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में बाघिन की मौजूदगी और उसकी गतिविधियों पर नजर रखे जाने की जानकारी सामने आई है।
20 दिन में दूसरी घटना, पहले युवक की हो चुकी है मौत
बाघिन के हमले की इस घटना ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। लगभग 20 दिन पहले 24 अगस्त को लोरमी क्षेत्र के लक्ष्मण डोंगरी के समीप जंगल में पुटू तोड़ने गए बांधा निवासी धर्मजीत धृतलहरे पर भी बाघिन ने हमला किया था। इस हमले में धर्मजीत की मौके पर ही मौत हो गई थी। लगातार दूसरी घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में वन क्षेत्र और खेतों में अकेले जाने को लेकर भय का वातावरण है। ग्रामीणों ने वन विभाग से बाघिन की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। दवनपुर में हुई यह घटना अचानकमार टाइगर रिजर्व से लगे सामान्य वन क्षेत्र में बताई जा रही है। लगातार हो रही वन्यजीव-मानव मुठभेड़ की घटनाओं ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
