बिलासपुर। शिक्षा जगत में अपनी उत्कृष्ट प्रशासनिक दक्षता और कार्यकुशलता के लिए पहचानी जाने वाली डॉ. कुमुदिनी द्विवेदी ने उन्नत शिक्षा अध्ययन संस्थान (IASE), बिलासपुर में प्राचार्य के पद पर आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पूर्व वे सक्ती जिले में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के पद पर अपनी सेवाएं दे रही थीं, जहाँ उनके कार्यकाल को प्रशासनिक और शैक्षणिक दोनों दृष्टियों से बेहद सराहनीय माना गया है।उनके नेतृत्व में सक्ती जिले में शैक्षणिक गतिविधियों को एक नई दिशा मिली थी। अब बिलासपुर स्थित प्रतिष्ठित उन्नत शिक्षा अध्ययन संस्थान (IASE) में प्राचार्य का दायित्व संभालते हुए, डॉ. कुमुदिनी द्विवेदी ने संस्थान के विकास, शिक्षक प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार और भावी शिक्षकों को और अधिक सक्षम बनाने को अपनी प्राथमिकता बताया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने पर जिला सक्ती के प्रशासनिक अधिकारियों,तथा सक्ती,जिला जांजगीर चांपा, बिलासपुर के शिक्षाविदों, साहित्यकारों शिक्षकों और विभिन्न संगठनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
