– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसेवा, जनभागीदारी और सेवा भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहर में विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में बुधवार को छठ घाट पर स्वच्छता एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, कलेक्टर संजय अग्रवाल, महापौर श्रीमती पूजा विधानी और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने छठ घाट परिसर की साफ-सफाई में सहभागिता निभाई। इसके बाद पौधारोपण कर स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। महापौर ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि स्वच्छ और साफ-सुथरे शहर में लोग आना पसंद करते हैं।बिलासपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए प्रशासन के प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और गंदगी फैलाने वालों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जब नागरिक स्वयं स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाएंगे, तभी इसे व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकेगा। वहीं विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी अभियान या कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे जीवन का संकल्प बनाना होगा। जिस तरह प्रत्येक व्यक्ति अपने घर को साफ रखता है, उसी भावना के साथ मोहल्ले, गांव और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल प्रशासनिक गतिविधियों तक सीमित रहना नहीं है। जनभागीदारी के माध्यम से सेवा और स्वच्छता की भावना को जनआंदोलन का रूप देना जरूरी है। प्रत्येक नागरिक स्वयं गंदगी नहीं फैलाने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प ले, तभी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत के सीईओ संदीप अग्रवाल, मोहित जायसवाल, पार्षद श्याम साहू, एडिशनल कमिश्नर खजांची कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने छठ घाट की साफ-सफाई में श्रमदान किया और पौधारोपण कर स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बिलासपुर के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प व्यक्त किया।
