– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। रेलवे हॉस्पिटल के पास गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब रेलवे की फेंसिंग में एक विशाल अजगर फंसा हुआ दिखाई दिया। अजगर ने कथित तौर पर एक कुत्ते का शिकार किया था, जिसके बाद उसका शरीर भारी हो गया और फेंसिंग में फंसने के कारण वह बाहर नहीं निकल पा रहा था। विशाल अजगर को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।
कुत्ते का शिकार करने के बाद भारी हुआ शरीर, निकलने में आई परेशानी; मौके पर जुटी लोगों की भीड़
अजगर के फेंसिंग में फंसे होने की सूचना मिलने पर रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में पहले भी कई सांपों का सफल रेस्क्यू कर चुके श्रीनिवासन मौके पर पहुंचे। उन्होंने अजगर को सुरक्षित निकालने का प्रयास शुरू किया, लेकिन उसका शरीर भारी होने और फेंसिंग में बुरी तरह फंसे होने के कारण रेस्क्यू में काफी परेशानी आ रही थी। कई प्रयासों के बाद भी जब अजगर को निकालना मुश्किल हुआ तो श्रीनिवासन ने सांप पकड़ने में दक्ष महेंद्र सिंह ठाकुर उर्फ राजू को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही महेंद्र सिंह ठाकुर अपनी टीम के साथ रेलवे हॉस्पिटल के पास पहुंचे। अजगर की स्थिति देखने के बाद उन्होंने बताया कि उसके पेट में कुत्ते का शिकार होने के कारण उसका शरीर काफी भारी हो गया था, जिससे फेंसिंग से निकलने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद श्रीनिवासन और महेंद्र सिंह ठाकुर की टीम ने बेहद सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को फेंसिंग से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई को देखते रहे।
सांप दिखे तो न मारें, रेस्क्यू टीम को दें सूचना
रेस्क्यू टीम ने शहरवासियों से अपील की है कि घर, बगीचे, कॉलोनी या किसी अन्य स्थान पर सांप दिखाई देने पर उसे मारने या पकड़ने का प्रयास न करें। सांप वन्यजीव हैं और उन्हें नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। ऐसी स्थिति में प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देकर सांप को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में सहयोग करें।
रेस्क्यू के लिए संपर्क:
श्रीनिवासन: 8889528989
महेंद्र सिंह ठाकुर (राजू): 7024474928
