सिटी 36 सिनेमा मॉल में होगा प्रदर्शन, हॉरर और सस्पेंस से भरपूर फिल्म में झूलेलाल साईं की कृपा और आस्था का संदेश
बिलासपुर। सिंधी भाषा और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मनसुखानी परिवार द्वारा समय-समय पर सिंधी फिल्मों का प्रदर्शन आयोजित किया जाता रहा है। इसी कड़ी में इस बार नई हॉरर एवं सस्पेंस फिल्म ‘खबर नाहे’ दर्शकों के सामने प्रस्तुत की जा रही है। फिल्म का प्रदर्शन 24 एवं 25 अक्टूबर को सिटी 36 सिनेमा मॉल, बिलासपुर में किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, यह भारत की पहली सिंधी हॉरर एवं सस्पेंस फिल्मों में से एक है। फिल्म की कहानी आधुनिक दौर के उन युवाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जो भूत-प्रेत और जादू-टोने जैसी बातों का मजाक उड़ाते हैं। लेकिन परिस्थितियां उन्हें रहस्यमयी घटनाओं और भय के ऐसे जाल में उलझा देती हैं, जहां से निकलना उनके लिए चुनौती बन जाता है।
फिल्म में रोमांच और रहस्य के साथ आस्था की शक्ति को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। जब मुसीबत से बाहर निकलने के रास्ते बंद नजर आते हैं, तब झूलेलाल साईं की कृपा उम्मीद की किरण बनकर सामने आती है। फिल्म के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी आस्था और विश्वास इंसान को संबल प्रदान करते हैं।
सिंधी फिल्मों के आयोजन में मनसुखानी परिवार की अहम भूमिका
मनसुखानी परिवार इससे पहले ‘लखी मुहिंजो लखन में’, ‘ससू सेर नूंह सवा सेर’, ‘घर गुरु जो दर’, ‘वरदान’, ‘वरदान 2’, ‘वरदान 3’, ‘डेवालो’, ‘नानक नाम जहाज’, ‘द सिंध स्टोरी’ और ‘वेलकम लक्ष्मी’ जैसी फिल्मों के प्रदर्शन का आयोजन कर चुका है। इन आयोजनों को सिंधी समाज का भरपूर प्रेम और सहयोग मिला है।
आयोजकों ने समाज के सभी सम्मानित सदस्यों से अपील की है कि वे अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए फिल्म के प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उनका कहना है कि समाज के सहयोग से भविष्य में भी अच्छी और संदेशपरक सिंधी फिल्मों का प्रदर्शन जारी रखा जा सकेगा।
फिल्म का संदेश
रहस्य कितना भी गहरा हो और डर कितना भी बड़ा, झूलेलाल साईं की कृपा से उम्मीद का दीप हमेशा जलता रहता है।
