25 अक्टूबर को रायपुर में होगी प्रांतीय महासमिति की बैठक, अधिकाधिक सदस्यों से शामिल होने की अपील
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ, बिलासपुर (पंजीयन क्रमांक 409) की बैठक 11 अक्टूबर 2026 को नागोराव शेष स्कूल परिसर में आयोजित की गई। बैठक में संघ के नवीन पदाधिकारियों के निर्वाचन, सदस्यता शुल्क जमा करने, मानदेय वृद्धि की मांग तथा कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की विभागीय समस्याओं के निराकरण सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी कार्ययोजना और संगठन की रणनीति पर भी सहमति बनाई गई। बैठक की अध्यक्षता एवं संचालन संघ की पूर्व बिलासपुर जिला अध्यक्ष सुनीता सिंह ने किया। इस अवसर पर संघ के प्रांतीय संरक्षक परस कौशिक तथा सकरी परियोजना की अध्यक्ष मीना साहू ने वीडियो कॉल वीडियो कॉल के माध्यम से अपने विचार रखे। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नए पदाधिकारियों के निर्वाचन की प्रक्रिया, संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता शुल्क जमा करने तथा कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर अपने सुझाव दिए। शासन से मानदेय में वृद्धि की मांग को प्रभावी ढंग से उठाने और अन्य विभागीय समस्याओं के निराकरण के लिए आगामी रणनीति तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक के अंत में सुनीता सिंह ने जानकारी दी कि संघ की प्रांतीय महासमिति की बैठक आगामी 25 अक्टूबर को रायपुर में आयोजित होगी। उन्होंने सभी सदस्यों से इस महत्वपूर्ण बैठक में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की, ताकि संगठन की मांगों और समस्याओं को प्रांतीय स्तर पर मजबूती से रखा जा सके।बैठक में कोटा ब्लॉक अध्यक्ष साधना बैसवारे, सरकंडा परियोजना अध्यक्ष मीना भोई, सकरी परियोजना अध्यक्ष मीना साहू तथा बिलासपुर परियोजना अध्यक्ष सहित संघ की सक्रिय सदस्य प्रिंसली गढ़ेवाल, पूजा तिवारी, यामिनी गढ़ेवाल, शारदा शर्मा, कल्याणी गुप्ता, सोनी कश्यप, रशीदा बेगम, शिवकुमारी यादव, प्रीति शंकर, रानू गढ़ेवाल, प्रतिभा मानिकपुरी, राधा सिंह, ज्योति कश्यप, उषा यादव, सीता मराठा, अनसूया तिवारी, संगीता कोरी, रजनी कश्यप और आरती मिश्रा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
