
शिव-अनुराग भवन में झांकी देखने पहुंच रहे भक्त, सहस्त्र ज्योतिर्लिंग दर्शन भी बना आकर्षण
राज किशोर नगर, बिलासपुर : नवरात्रि के पावन अवसर पर शिव-अनुराग भवन, राज किशोर नगर में सजी चैतन्य देवियों की झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है। पहले सड़क से ही झांकी के दर्शन हो जाते थे, लेकिन सड़क निर्माण और धूल के कारण इस बार झांकी को हॉल के भीतर सजाया गया है। स्थान बदलने के बावजूद श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
ब्रह्माकुमारीज़ टिकरापारा एवं राज किशोर नगर सेवाकेंद्रों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस झांकी में नौ चैतन्य देवियों के सुसज्जित स्वरूपों के साथ सहस्त्र ज्योतिर्लिंग दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बने हुए हैं। भक्त पूरे श्रद्धाभाव से दर्शन कर रहे हैं और देवियों के आध्यात्मिक संदेश को जानने में रुचि दिखा रहे हैं।
भव्य सजावट और दिव्य दर्शन ने मोहा मन
झांकी में देवियों के आकर्षक श्रृंगार और सुव्यवस्थित प्रस्तुति से आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हुआ है। सहस्त्र ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए भी श्रद्धालु विशेष उत्सुकता दिखा रहे हैं। परिवार सहित पहुंच रहे भक्त इन दिव्य दृश्यों को श्रद्धापूर्वक निहार रहे हैं।
झांकी का उद्देश्य श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ आध्यात्मिक ज्ञान से जोड़ना है। आयोजन के प्रति लोगों की निरंतर रुचि और सहभागिता से नवरात्रि के इस पर्व का उल्लास और भी बढ़ रहा है।
