
बिलासपुर। दीपावली के पावन अवसर पर शहर में जगह-जगह मां काली की प्रतिमाएं स्थापित कर श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना की जा रही है। इसी कड़ी में पचरी घाट, मनोहर लाल के सामने मां ज्वाला काली उत्सव समिति द्वारा मां काली की अत्यंत आकर्षक, भव्य एवं मनमोहक प्रतिमा विराजमान की गई है। साथ ही हारे के सहारे बाबा खाटू श्याम का भी सुंदर दरबार सजाया गया है, जहां श्रद्धालु पहुंचकर माता रानी और श्याम बाबा के दर्शन कर रहे हैं।मां ज्वाला काली उत्सव समिति के सदस्यों ने बताया कि समिति द्वारा पिछले आठ वर्षों से दीपावली के अवसर पर मां काली की प्रतिमा विराजमान करने की परंपरा निरंतर निभाई जा रही है। इस वर्ष भी उसी श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक भावना के साथ आठवें वर्ष मां काली की भव्य प्रतिमा विराजमान की गई है। आयोजन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।आयोजन स्थल पर प्रतिदिन सुबह विधिवत आरती की जाती है, वहीं शाम 7:30 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया जाता है। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाता है। महाआरती के दौरान बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित होकर मां काली एवं बाबा खाटू श्याम के जयकारे लगाते हैं। पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है।महाआरती में शहर के गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं के साथ हमर संगवारी के संपादक विजय दुसेजा भी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने मां ज्वाला काली एवं बाबा खाटू श्याम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा इस भव्य धार्मिक आयोजन को करीब से देखा और कवरेज किया।समिति के सदस्यों ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में मां ज्वाला काली उत्सव समिति के सभी सदस्यों का विशेष योगदान एवं सहयोग मिल रहा है। भक्तों की आस्था, समिति की सेवा भावना और सामूहिक सहयोग से पिछले आठ वर्षों से यह धार्मिक परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है।मां काली और बाबा खाटू श्याम के इस भव्य दरबार में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ बिलासपुर की धार्मिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत कर रही है।
