
पूजनीय अम्मा मीरा देवी, संत लालदास जी एवं मोहनलाल जी के सानिध्य में हुआ भव्य आयोजन, भजन-कीर्तन और सत्संग में झूमे श्रद्धालु
चकरभाठा, बिलासपुर। चकरभाठा स्थित श्री झूलेलाल मंदिर का 50वां स्थापना दिवस धार्मिक श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस पावन अवसर पर देवपुरी दरबार की पूजनीय अम्मा मीरा देवी, झूलेलाल मंदिर के संत साईं लालदास जी तथा बाबा गेलाराम साहिब जी के सुपुत्र मोहनलाल जी का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्य बहराणा साहिब की ज्योत प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें चकरभाठा के प्रसिद्ध गायक विनोद चावला एवं अनिल पंजवानी ने अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुति से समां बांध दिया। भक्ति संगीत में श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर झूलेलाल साईं के जयकारों से गूंज उठा।
इसके पश्चात भगवान झूलेलाल साईं की विधिवत आरती एवं पल्लव किया गया। इस पावन अवसर पर नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था भी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
रात्रि में नागपुर से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक दामोदर साहिब जी का विशेष सत्संग आयोजित हुआ। उनके आध्यात्मिक प्रवचनों से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सदमार्ग पर चलने की प्रेरणा मिली। मंदिर के 50 वर्ष पूर्ण होने की खुशी में भव्य आतिशबाजी भी की गई, जिससे उत्सव का उल्लास और बढ़ गया।
इस तरह भजन-कीर्तन, सत्संग, आरती, पल्लव, भंडारे और भव्य आतिशबाजी के साथ झूलेलाल मंदिर का स्वर्णिम 50वां स्थापना दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन समाज की धार्मिक आस्था, एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर प्रतीक बना।
यह जानकारी विनोद चावला के द्वारा दी गई ब्यूरो चीफ चक्करभाटा हमर संगवारी
