अनिल शुक्ला की रिपोर्ट
बिलासपुर –::पूर्व विधायक का तीखा हमला, बोले– तीन साल से सदन से सड़क तक खामोश है बिलासपुर की आवाज, शहर नहीं संभल रहा तो इस्तीफा देकर जनता से मांगें माफी
बिलासपुर। शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर पूछे गए एक सवाल पर विधायक अमर अग्रवाल का मुस्कुराकर आगे बढ़ जाना अब सियासी तंज का विषय बन गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बिलासपुर प्रवास के दौरान आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे शहर विधायक अमर अग्रवाल से मीडिया कर्मियों ने शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल किया। लेकिन सवाल का सीधा जवाब देने के बजाय वे मुस्कुराते हुए आगे बढ़ गए। विधायक के इस रवैये पर पूर्व विधायक शैलेश पांडे ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाया है कि आखिर बिलासपुर की समस्याओं पर जवाब देने का समय कब आएगा?
शैलेश पांडे ने कहा कि बिलासपुर के विधायक अमर अग्रवाल यह बताएं कि शहर की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान कराने का समय आखिर कब आएगा? पिछले तीन वर्षों से बिलासपुर की आवाज सदन से लेकर सड़क तक खामोश नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की जनता ने जिस उम्मीद से अपना प्रतिनिधि चुना, वह आज अपनी बुनियादी समस्याओं पर भी जवाब पाने के लिए भटक रही है।
पूर्व विधायक ने विधायक अमर अग्रवाल के पुराने दावों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि 15 दिनों में अपराध मुक्त बिलासपुर और 12 दिनों में शहर का गौरव लौटाने जैसे दावे करने वाले विधायक आज शहर की सफाई व्यवस्था पर पूछे गए सवाल का जवाब देने से बच रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विधायक जी की बोलती आखिर बंद क्यों है? जनता सब देख रही है।
शैलेश पांडे ने कहा कि यदि विधायक से शहर की व्यवस्था नहीं संभल रही है और जनता की समस्याओं पर जवाबदेही निभाना संभव नहीं है तो उन्हें इस्तीफा देकर बिलासपुर की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
सियासी सवाल के घेरे में जवाबदेही
सफाई व्यवस्था जैसे सीधे तौर पर आम नागरिकों से जुड़े मुद्दे पर विधायक की चुप्पी ने राजनीतिक बहस को हवा दे दी है। सवाल यह है कि जब शहर की बुनियादी व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगा जाता है, तब क्या मुस्कुराकर आगे बढ़ जाना ही जवाबदेही है? फिलहाल शैलेश पांडे के इस हमले ने बिलासपुर की सफाई व्यवस्था के साथ-साथ शहर विधायक की जवाबदेही को भी राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है।
