
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपरा और लोकआस्था के प्रमुख पर्व गौरा-गौरी परब पर आकाशवाणी बिलासपुर केंद्र के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘भुईयां के बोली’ में 17 नवंबर मंगलवार को शाम 5.10 बजे विशेष कार्यक्रम “भुइंया के बोली” के तहत वार्ता प्रसारित की जाएगी। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार- साहित्यकार सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’ गौरा-गौरी परब की लोकमान्यता, सांस्कृतिक महत्ता और सामाजिक सरोकारों पर सारगर्भित जानकारी देंगे। गौरा-गौरी परब छत्तीसगढ़ की प्राचीन लोकपरंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। दीपावली के पश्चात मनाए जाने वाले इस पर्व में ईसर राजा और गौरा माता के प्रतीकात्मक विवाह की परंपरा निभाई जाती है। इसके माध्यम से लोकजीवन, पारिवारिक संस्कार, कृषि संस्कृति, सामाजिक समरसता और सामुदायिक एकता की भावना अभिव्यक्त होती है। इन्होंने बचपन से बिलासपुर में इस परंपरा को देखा और अनुभव किया है और इस परब से संबंधित मन में उठने वाली जिज्ञासाओं पर खुलकर बात रखी है। उनकी वार्ता में लोकजीवन से जुड़े अनुभवों के साथ गौरा-गौरी परब के उन महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी प्रकाश डाला जाएगा, जो नई पीढ़ी के लिए लोकसंस्कृति को समझने में उपयोगी हैं। आकाशवाणी के इस कार्यक्रम से गौरा-गौरी परब की लोकपरंपरा और छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक अस्मिता के विविध आयाम श्रोताओं तक पहुंचेंगे।
