डोंगरगढ़ : नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर एक महिला का यौन शोषण करने और अश्लील फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 52 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान थाना चौक, डोंगरगढ़ निवासी भरत भूषण मेश्राम के रूप में हुई है।
नशीला पदार्थ खिलाकर बनाया अश्लील वीडियो :

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 13 अक्टूबर 2026 को डोंगरगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी भरत भूषण मेश्राम ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया और नशीला पदार्थ देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, आरोपी ने घटना के अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए, जिन्हें वायरल करने की धमकी देकर वह पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी भी दी।
बीएनएस की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज :
इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 609/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(m), 296, 351(3) और 115(2) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की।
पूछताछ में जुर्म कबूलने व साक्ष्य मिलने पर गिरफ्तारी :
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
