रायपुर। राजधानी के व्यस्ततम इलाके एमजी रोड स्थित चौपाटी में बढ़ते यातायात दबाव, बेतरतीब पार्किंग और गंदगी की समस्या को लेकर पुलिस और नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। व्यवस्था सुधारने के लिए यातायात सभागार में पुलिस, नगर निगम, व्यापारी संघ और चौपाटी संचालकों की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में संचालकों को पूर्व निर्धारित गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि अब नियमों की अनदेखी करने वालों पर न केवल वैधानिक कार्रवाई होगी, बल्कि उनकी चौपाटी को स्थायी रूप से बंद भी करा दिया जाएगा।
शटर बंद होने के बाद ही लगेगी चौपाटी, समय भी तय :

16 नवंबर को आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने पूर्व में तय दिशा-निर्देशों को सख्ती से लागू करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चौपाटी का संचालन केवल रात 9 बजे से रात 1 बजे तक ही किया जा सकेगा। इसके साथ ही यह शर्त भी अनिवार्य होगी कि स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही चौपाटी लगाई जाए। किसी भी स्थायी व्यापारी पर दुकान जल्दी बंद करने का दबाव बनाने या विवाद करने की शिकायत मिलने पर सीधे कार्रवाई की जाएगी।
सड़क पर अतिक्रमण और गंदगी फैलाने पर रोक :
प्रशासन ने स्वच्छता और आवागमन को लेकर कड़े नियम तय किए हैं :
- डस्टबिन अनिवार्य: संचालकों को गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने होंगे और दुकान बंद करने के बाद पूरे क्षेत्र की सफाई सुनिश्चित करनी होगी। सड़क या नाली में कचरा फेंकना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
- फुटपाथ पर कब्जा नहीं: ग्राहकों को बैठाने के लिए मुख्य सड़क या फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने और सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
पार्किंग की जिम्मेदारी भी संचालकों के जिम्मे :
बैठक में तय किया गया कि चौपाटी आने वाले ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग कराने की जिम्मेदारी खुद संचालकों की होगी। किसी भी हालत में मुख्य सड़क पर वाहन खड़े नहीं होने दिए जाएंगे, जिससे यातायात बाधित हो। नगर निगम को स्वच्छता की नियमित निगरानी करने और व्यापारी संघ को सभी पक्षों के बीच समन्वय बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अधिकारियों की मौजूदगी में संचालकों ने दिया आश्वासन :
दरअसल, प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ संचालकों द्वारा सड़क घेरने, गंदगी फैलाने और स्थानीय व्यापारियों को परेशान करने से राहगीरों और नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में संचालकों ने सभी नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया है। पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुविधा और सुगम यातायात सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम लगातार निगरानी रखेगी।
इस बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा, एडिशनल डीसीपी रामकुमार बर्मन, स्नेहिल साहू, एसीपी रमेश येरेवार, निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन-2 कमिश्नर पीडी घृतलहरे, ईई आशुतोष सिंह और व्यापारी संघ अध्यक्ष महेंद्र तलरेजा सहित चौपाटी संचालक मौजूद रहे।
