तिल्दा-नेवरा : छत्तीसगढ़ के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में एक लापता युवक की गुत्थी को पुलिस ने खौफनाक हत्याकांड के रूप में सुलझाया है। पत्नी से प्रेम संबंध होने के शक में एक व्यक्ति ने अपने भतीजे के साथ मिलकर 22 वर्षीय युवक की टंगिया से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को सीमेंट के पोल से बांधा और गांव के ही तालाब में फेंक दिया। तिल्दा-नेवरा पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ईंट भट्ठे के पास से लापता हुआ था युवक :

घटना ग्राम बेमता की है। निवासी धनेश पाल ने 14 नवंबर को तिल्दा-नेवरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 22 वर्षीय बेटा पुरुषोत्तम पाल दोपहर करीब 3:30 बजे बेमता ईंट भट्ठे के पास से अचानक लापता हो गया है। परिजनों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
अवैध संबंध के संदेह में रची गई हत्या की साजिश :
तफ्तीश के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि गांव का निवासी शंकर पाल उर्फ राजू (38) अपनी पत्नी और पुरुषोत्तम के बीच प्रेम संबंध होने का संदेह करता था, जिसे लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। मृतक के दो दोस्तों ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन पुरुषोत्तम को आखिरी बार शंकर पाल और उसके भतीजे किशन उर्फ पिंटू यादव (20) के साथ देखा गया था। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की।
टंगिया से वार कर उतारा मौत के घाट, तालाब में छुपाया शव :
पूछताछ में किशन यादव ने अपने चाचा शंकर पाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने का जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने पुरुषोत्तम के सिर, गर्दन और शरीर पर टंगिया से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे सीमेंट के पोल से बांधा और ग्राम बेमता के मंजरी डबरी तालाब में फेंक दिया।
हथियार जब्त, दोनों आरोपी भेजे गए जेल :
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तालाब से शव बरामद कर लिया है, जिस पर धारदार हथियार के गहरे निशान पाए गए हैं। सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टंगिया, मृतक का डंडा और मृतक व आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3), 103(1), 238(क), 61(2)(क) और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
