बिलासपुर / रायपुर : ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और हवाला के जरिए अवैध कमाई करने वाले एक बड़े अंतर्राष्ट्रीय सिंडिकेट के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सिटी कोतवाली थाने में दर्ज एक मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस के हाथ इस संगठित गिरोह से जुड़े कई अहम सुराग लगे हैं, जिससे करोड़ों रुपये के काले साम्राज्य का पर्दाफाश हुआ है।
हंसा विहार के सगे भाइयों ने खड़ी की 200 करोड़ की संपत्ति :

पुलिस जांच में शहर के हंसा विहार निवासी सगे भाई सुनील रोहरा, मनीष रोहरा और उनके सहयोगी आकाश गोगा का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया है। पुलिस के आकलन के अनुसार, इन आरोपियों ने ऑनलाइन सट्टे और हवाला के अवैध कारोबार से अब तक करीब 200 करोड़ रुपये की काली कमाई अर्जित की है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि दोनों भाइयों ने हाल ही में अग्रसेन चौक स्थित श्री राम क्लाथ मार्केट में करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से एक बड़ी संपत्ति खरीदी है।
ठिकानों पर दबिश: नकदी, जेवरात और महंगी घड़ियां बरामद :
मामले की जानकारी देते हुए बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने बताया कि सिटी कोतवाली थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 229/2026 की विवेचना के दौरान इस नेटवर्क का पता चला। इसी कड़ी में 13 नवंबर 2026 को मुख्य संदिग्धों सुनील रोहरा और मनीष रोहरा के ठिकानों पर दबिश दी गई। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों के दस्तावेज, 8 लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने के आभूषण, नामी कंपनियों की महंगी घड़ियां और विभिन्न बैंक खातों से जुड़े कागजात जब्त किए हैं।
दुबई में निवेश के सुराग, केंद्रीय एजेंसियों से साधा संपर्क :

अब तक की छानबीन में स्पष्ट हुआ है कि सट्टे से जुटाई गई अवैध रकम को हवाला चैनलों के माध्यम से विदेशों तक पहुंचाया गया है। जांच टीम को इस बात के पुख्ता सबूत मिले हैं कि गिरोह ने दुबई में भी बड़े पैमाने पर बेनामी संपत्तियां अर्जित की हैं। विदेशों में निवेश की पुष्टि होने के बाद बिलासपुर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया है।
आरोपी परिवार सहित फरार, लुकआउट और रेड कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया शुरू :
पुलिस की भनक लगते ही मुख्य आरोपी परिवार सहित शहर छोड़कर फरार हो गए हैं। हालांकि, पासपोर्ट तैयार नहीं हो पाने के कारण आरोपियों के माता-पिता शहर में ही मौजूद हैं, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपियों के देश छोड़कर भागने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुनील रोहरा और मनीष रोहरा के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी कर दिया है। इसके अलावा, विदेश में छिपे होने की स्थिति में उन्हें वापस लाने के लिए इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
