रायपुर : छत्तीसगढ़ कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिवों की नई सूची से भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का नाम बाहर होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व ओएसडी की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। इस टिप्पणी के बाद देवेंद्र यादव के समर्थकों और पूर्व ओएसडी के बीच सोशल मीडिया पर तीखी जुबानी जंग शुरू हो गई है, जिस पर अब भाजपा नेताओं ने भी चुटकी लेनी शुरू कर दी है।
मनीष बंछोर की ‘बाप-बाप होता है’ वाली पोस्ट से भड़का विवाद :

विवाद की शुरुआत तब हुई जब पूर्व सीएम भूपेश बघेल के पूर्व ओएसडी मनीष बंछोर ने कांग्रेस के नए राष्ट्रीय सचिवों की सूची सोशल मीडिया पर साझा की। इसके साथ उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, “बाप तो बाप रहेगा, जिस डाल पर बैठे उसी को काटोगे तो गिरना तय है… इति सिद्धम।” हालांकि बंछोर ने अपनी पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे सीधे तौर पर सूची से बाहर हुए विधायक देवेंद्र यादव पर निशाना माना जा रहा है।
देवेंद्र समर्थकों ने खोला मोर्चा, भाई धर्मेंद्र यादव ने दी प्रतिक्रिया :

मनीष बंछोर की इस पोस्ट के बाद देवेंद्र यादव के समर्थकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। समर्थकों ने सोशल मीडिया पर बंछोर को आड़े हाथों लेते हुए जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया है। इस बीच देवेंद्र यादव के भाई धर्मेंद्र यादव ने भी फेसबुक पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि अब उनके भाई की ऊर्जा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनाने के काम आएगी।
भूपेश बघेल की सफाई- “किससे खराब है भाई मेरा…” :
शुक्रवार को कोरिया प्रवास पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जब देवेंद्र यादव के साथ उनके रिश्तों में आई खटास को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने चुटीले अंदाज में कहा, “किससे खराब है भाई मेरा…”।
वहीं, अपने पूर्व ओएसडी मनीष बंछोर की विवादित पोस्ट से किनारा करते हुए बघेल ने कहा कि उन्होंने ऐसी कोई पोस्ट न देखी है और न ही सुनी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि बंछोर ने ऐसा कुछ लिखा भी है, तो वह उनके निजी विचार हो सकते हैं, इसे पार्टी का स्टैंड नहीं माना जाना चाहिए। गौरतलब है कि कभी भूपेश बघेल के बेहद करीबी माने जाने वाले देवेंद्र यादव और उनके बीच पिछले कुछ समय से दूरियों की चर्चा है। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के दौरान भी दोनों नेताओं के गुट आमने-सामने थे, जहां बघेल खेमे से सत्येंद्र चेलक और यादव खेमे से शैलेंद्र बंजारे मैदान में थे।
भाजपा का पलटवार: घुट्टी पिलाने और नूराकुश्ती के लगाए आरोप :

कांग्रेस की इस अंदरूनी कलह पर सत्ताधारी भाजपा ने भी तीखा हमला बोला है:
- संतोष पांडेय (भाजपा सांसद व मुख्य प्रवक्ता): उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति से पूरा प्रदेश वाकिफ है। कांग्रेस में हमेशा खिलाने-पिलाने का दौर चलता है और अब वास्तव में पार्टी को ‘मुगली घुट्टी 555’ पिलाने की जरूरत आ पड़ी है।
- अरुण साव (उपमुख्यमंत्री): साव ने इसे कांग्रेस की पुरानी ‘नूराकुश्ती’ करार दिया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों तक प्रदेश की जनता ने इनकी आपसी लड़ाई का खामियाजा भुगता है और अब कांग्रेस के नेता आपस में लड़कर ही अपनी पार्टी को समाप्त करने में जुटे हैं।
