बिलासपुर : शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदुदंड के चांदनी चौक इलाके में एक शातिर हिस्ट्रीशीटर ने बीच सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। 13 नवंबर की रात हाथ में लोहे की रॉड लेकर सड़क पर उतरे आरोपी ने न केवल राहगीरों को दौड़ाया, बल्कि सड़क किनारे खड़ी कारों और बाइकों में जमकर तोड़फोड़ भी की। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
पिता ने बुलाया डायल 112, पुलिस के सामने भी की हुज्जत :

आरोपी की लगातार तोड़फोड़ और गाली-गलौज से परेशान होकर उसके पिता ने ही डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह पुलिसकर्मियों से ही उलझ गया और अभद्र व्यवहार करने लगा। उस वक्त पुलिस नाम-पता दर्ज कर लौट गई, जिसके बाद आरोपी ने फिर से हंगामा शुरू कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस, आरोपी गिरफ्तार :

इस घटना के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा। एसएसपी रजनेश सिंह के सख्त निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हिस्ट्रीशीटर भूपेंद्र दुबे उर्फ पंडा (गोलू) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आदतन अपराधी है, जिस पर पहले से 12 से अधिक मामले दर्ज हैं और 10 साल पहले उस पर जिला बदर की कार्रवाई का प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है। फिलहाल पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
