
बिलासपुर, 22 नवंबर 2026स्काउट्स एवं गाइड्स, राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, राज्य मुख्यालय, बिलासपुर द्वारा राष्ट्रपति स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर प्रमाण-पत्र जांच परीक्षा–2026 हेतु पांच दिवसीय राज्य स्तरीय परीक्षण शिविर का आयोजन दिनांक 19 से 23 नवंबर 2026 तक राज्य प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी), खोडरी में किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ दिनांक 19 नवंबर 2026 को गरिमामय वातावरण में हुआ।शुभारंभ समारोह में आदरणीय श्री पीयूष गुप्ता, अध्यक्ष, रेलवे भर्ती बोर्ड, बिलासपुर एवं राज्य मुख्य आयुक्त, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा श्री यू. शिव शंकर राव, राज्य सचिव एवं मंडल कार्मिक अधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें पूर्ण उत्साह, अनुशासन एवं समर्पण के साथ परीक्षण में भाग लेने हेतु प्रेरित किया। साथ ही प्रतिभागियों को उनके कार्ड नंबर एवं टेस्ट कार्ड प्रदान किए गए।इस राज्य स्तरीय परीक्षण शिविर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, छत्तीसगढ़ एवं मध्य प्रदेश राज्य के कुल 104 प्रतिभागी सम्मिलित हो रहे हैं। इनमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से 70, छत्तीसगढ़ से 28 तथा मध्य प्रदेश से 06 प्रतिभागी शामिल हैं। प्रतिभागियों में 13 स्काउट्स, 39 गाइड्स, 30 रोवर्स एवं 22 रेंजर्स हैं। इस प्रकार तीनों राज्य संगठनों की सहभागिता से शिविर को अंतरराज्यीय स्वरूप प्राप्त हुआ है।शिविर में राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा नामित ऑब्जर्वर तथा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कुल 08 अधिकृत परीक्षकों द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम एवं परीक्षण मानदंडों के अनुरूप प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। परीक्षण के अंतर्गत प्रतिभागियों के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक ज्ञान, नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक दक्षता, अनुशासन, सेवा भावना तथा स्काउटिंग एवं गाइडिंग से संबंधित आवश्यक कौशलों का आकलन किया जा रहा है।परीक्षण शिविर में सफल घोषित प्रतिभागियों को आगामी चरण में राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) में सम्मिलित होना होगा। इस परीक्षा के माध्यम से अखिल भारतीय स्तर पर चयनित शीर्ष 120 सफल उम्मीदवारों को महामहिम राष्ट्रपति महोदया द्वारा राष्ट्रपति स्काउट/गाइड/रोवर/रेंजर प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।शिविर के द्वितीय दिवस पर श्रीमती शिवरंजनी पोपली वर्मा, राज्य आयुक्त (गाइड) एवं उप मुख्य संरक्षा अधिकारी (संकेत एवं दूरसंचार), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने शिविर स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षण की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा प्रतिभागियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।उक्त राज्य स्तरीय शिविर का आयोजन श्री पीयूष गुप्ता, राज्य मुख्य आयुक्त, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन के समुचित संचालन एवं व्यवस्थाओं में श्री अनुराग कुमार सिंह, जिला आयुक्त (स्काउट) एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक का मार्गदर्शन एवं सहयोग विशेष रूप से सराहनीय है।शिविर के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु श्री धीरेन्द्र कुमार सिंह, राज्य आयुक्त (वयस्क संसाधन-स्काउट) एवं प्राचार्य, बहुविभागीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान (एमडीजेडटीआई); श्री यू. शिव शंकर राव, राज्य सचिव एवं मंडल कार्मिक अधिकारी; श्रीमती शिवरंजनी पोपली वर्मा, राज्य आयुक्त (गाइड) एवं उप मुख्य संरक्षा अधिकारी (संकेत एवं दूरसंचार); श्रीमती अदिति दुबे, राज्य आयुक्त (वयस्क संसाधन) एवं अध्यक्ष, रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ; तथा श्री किशोर निखारे, उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एवं राज्य आयुक्त (स्काउट) का मार्गदर्शन एवं सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है।सम्पूर्ण शिविर का समन्वय, पर्यवेक्षण एवं संचालन श्री जी. लोकेश राव, राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) एवं राज्य मुख्यालय के पदाधिकारियों, तथा राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के सहायक निदेशक श्री महेंद्र शर्मा तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के संबंधित अधिकारियों के साथ निकट समन्वय स्थापित करते हुए किया जा रहा है।यह राज्य स्तरीय परीक्षण शिविर न केवल राष्ट्रपति स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण चरण है, बल्कि प्रतिभागियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, अनुशासन, संगठनात्मक कौशल, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना विकसित करने का भी एक महत्वपूर्ण मंच है। विभिन्न राज्य संगठनों की सहभागिता से आयोजित यह शिविर स्काउटिंग एवं गाइडिंग के राष्ट्रीय एकीकरण, पारस्परिक सहयोग तथा संगठनात्मक समन्वय की भावना को और अधिक सुदृढ़ कर रहा है। ****
