
दिनांक: 21.11.2026भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए, मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के सूरत–बिलिमोरा सेक्शन में ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) सिस्टम को 20 नवंबर 2026 को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत (एनर्जाइज) किया गया।सुरक्षा और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी टीमों की कड़ी निगरानी में छोटे-छोटे सेक्शनों में चरणबद्ध तरीके से एनर्जाइजेशन किया जाएगा।इस सेक्शन में एलिवेटेड अलाइनमेंट पर अप और डाउन, दोनों लाइनें शामिल हैं। यह परियोजना में आगे की टेस्टिंग गतिविधियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति है।मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में अत्याधुनिक 2 × 25 kV ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया गया है। यह दुनिया भर में हाई-स्पीड रेल प्रणालियों में उपयोग की जाने वाली उन्नत विद्युतीकरण तकनीकों में से एक है।इस 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में कुल 14 स्थानों पर ट्रैक्शन सब-स्टेशन (टीएसएस) स्थापित किए गए हैं। ये सब-स्टेशन नेशनल ग्रिड से बिजली प्राप्त करेंगे और हाई-स्पीड ट्रेनों के संचालन के लिए ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम को बिजली की आपूर्ति करेंगे।गुजरात के नवसारी जिले में स्थित बिलिमोरा के पहले ट्रैक्शन सब-स्टेशन में कंट्रोल पैनल, चेंजओवर स्विच, ट्रांसफॉर्मर और सर्किट ब्रेकरबिल्डिंगमें इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा हो चुका है।गुजरात में स्थित टीएसएस को गुजरात एनर्जी ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (जीईटीसीओ) के 220 kV अंबेठा ग्रिड सब-स्टेशन से बिजली की आपूर्ति की जाएगी।पूरे विद्युत नेटवर्क की मॉनिटरिंग एक केंद्रीकृत कंट्रोल सेंटर के माध्यम से की जाएगी, जिससे सुरक्षित और विश्वसनीय संचालन सुनिश्चित किया जा सके।सूरत–बिलिमोरा सेक्शन में दोनों स्टेशनों के बीच लगभग 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड अलाइनमेंट शामिल है। इस अलाइनमेंट में चार नदियों पर बने पुल तथा नेशनल हाईवे-53 (एनएच-53) पर एक स्टील ब्रिज भी शामिल है। आसपास के क्षेत्रों में शोर के प्रभाव को कम करने के लिए इस वायाडक्ट पर लगभग 94,000 नॉइज़ बैरियर्स भी लगाए गए हैं।*जन सुरक्षा संबंधी सलाह*ओवरहेड विद्युत प्रणाली के ऊर्जीकृत होने के साथ ही अलाइनमेंट के आसपास रहने वाले नागरिकों, यात्रियों, निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों तथा आम जनता को सख्त सलाह दी जाती है कि वे ओवरहेड विद्युत उपकरणों के पास न जाएं और न ही उन्हें छूने का प्रयास करें और उनके आसपास किसी भी प्रकार का अनधिकृत कार्य न करें।***********
