
26 और 27 नवंबर को दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता, 27 नवंबर को सेमीफाइनल और ग्रैंड फिनाले; संदीप बोले के आयोजन में खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिस्पर्धा का मंच
बिलासपुर। शहर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए हिंदू प्रीमियर लीग (HPL) का आयोजन उत्साह और रोमांच लेकर आ रहा है। हिंदू प्रीमियर लीग सीजन-1 के तहत 26 और 27 नवंबर को क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न टीमों के खिलाड़ी मैदान पर अपनी प्रतिभा, खेल कौशल और दमखम दिखाएंगे। आयोजन संदीप भोले के नेतृत्व में किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के पहले दिन 26 नवंबर को मैचों की शुरुआत शाम 4 बजे से होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मास्टर ब्लास्टर और कान्हा सुपर किंग के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद सुपर स्टार और एसबी किंग आमने-सामने होंगे। शाम 6 बजे मास्टर ब्लास्टर और एसबी किंग के बीच मुकाबला होगा, जबकि शाम 7 बजे कान्हा सुपर किंग और सुपर स्टार भिड़ेंगे। रात 8 बजे कान्हा सुपर किंग और एसबी किंग के बीच मैच होगा तथा रात 9 बजे मास्टर ब्लास्टर और सुपर स्टार के बीच मुकाबले के साथ पहले दिन का खेल समाप्त होगा।
वहीं 27 नवंबर को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहले सेमीफाइनल में A1 और B2 की टीमें शाम 4:30 बजे भिड़ेंगी, जबकि दूसरा सेमीफाइनल B1 और A2 के बीच शाम 6 बजे होगा। इसके बाद रात 8 बजे ग्रैंड फाइनल खेला जाएगा, जिसमें लीग की विजेता टीम का फैसला होगा।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन ग्रुप ए के मुकाबलों में डीएस फाइटर, परी बिल्डर्स, वीर योद्धा और रोको 11 जैसी टीमें भी मैदान पर अपना दमखम दिखाएंगी। आयोजन का उद्देश्य क्रिकेट के माध्यम से खेल भावना, आपसी एकता, उत्साह और युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है।
दो दिनों तक चलने वाली इस क्रिकेट लीग को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। अब सभी की नजरें मैदान पर होने वाले रोमांचक मुकाबलों और हिंदू प्रीमियर लीग सीजन-1 के विजेता बनने वाली टीम पर टिकी हैं।
