
किशोर वाधवानी का बड़ा संकल्प
माता की कृपा से मिला नाम, शोहरत और दौलत, अब बिना शुल्क देशभर में भजन संध्या कर भक्तिमय सेवा करेंगे
बिलासपुर/चकरभाठा। जीवन में नाम, शोहरत और धन कमाने के बाद बहुत कम लोग ऐसे होते हैं, जो अपने जीवन की दिशा बदलकर समाज सेवा और प्रभु भक्ति को समर्पित करने का निर्णय लेते हैं। बिलासपुर के चकरभाठा क्षेत्र के प्रसिद्ध गायक किशोर वाधवानी ने ऐसा ही प्रेरणादायी संकल्प लिया है। उन्होंने घोषणा की है कि अब अपने जीवन में बचा हुआ समय समाज सेवा, भक्ति, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों के लिए समर्पित करेंगे। देशभर में कहीं भी भजन संध्या के लिए उन्हें आमंत्रित किया जाएगा तो वे बिना किसी शुल्क के अपनी प्रस्तुति देंगे।
किशोर वाधवानी ने लगभग वर्ष 1998 में, महज 30 वर्ष की उम्र में गायन की दुनिया में अपना पहला कदम रखा था। उनकी शुरुआत माता के जागरण और भक्ति गीतों से हुई। माता की कृपा और श्रोताओं के प्यार से धीरे-धीरे उन्हें पहचान मिलती गई और देश के अलग-अलग राज्यों, शहरों तथा गांवों में कार्यक्रम प्रस्तुत करने का अवसर मिला। एक समय ऐसा भी रहा जब उनके कार्यक्रमों की इतनी मांग थी कि आयोजक महीनों पहले से तारीख लेने के लिए संपर्क करते थे।
हमर संगवारी’ से विशेष बातचीत में किशोर वाधवानी ने अपने गायन के शुरुआती दौर को याद करते हुए बताया कि कई बार आयोजक कार्यक्रम करवाना चाहते थे, लेकिन उनके पास तारीख देने के लिए समय ही नहीं होता था। वे साल के 365 दिन व्यस्त रहते थे। शादी समारोह, माता के जागरण, गणेश उत्सव, नवरात्रि और अन्य धार्मिक आयोजनों में लगातार उनकी प्रस्तुतियां होती थीं। माता की कृपा से उन्हें भरपूर काम, सम्मान, धन और लोगों का प्यार मिला।
बीमारी ने बदल दी जीवन की दिशा
किशोर वाधवानी ने बताया कि पिछले कुछ समय में अचानक स्वास्थ्य खराब होने और कई बीमारियों से घिरने के बाद उनके जीवन में एक बड़ा बदलाव आया। एक दौर ऐसा आया जब उन्हें लगा कि शायद जीवन का समय अब समाप्त होने वाला है। लेकिन लोगों की दुआओं, प्रेम, धार्मिक आस्था और संतों के आशीर्वाद ने उन्हें कठिन समय से उबरने की शक्ति दी। दरबार से जुड़ाव और संतों का सानिध्य भी उनके लिए संबल बना।
अब किसी भी भजन संध्या के लिए नहीं लेंगे एक भी रुपया
किशोर वाधवानी ने स्पष्ट कहा कि अब वे किसी भी भजन संध्या या धार्मिक कार्यक्रम में गायन के लिए पैसे नहीं लेंगे। चाहे कार्यक्रम किसी करोड़पति परिवार के यहां हो या किसी गरीब परिवार के घर, चाहे शादी समारोह हो, माता का जागरण हो, नवरात्रि, गणेश उत्सव, खाटू श्याम बाबा का आयोजन हो अथवा किसी देवी-देवता की भजन संध्या—वे अपनी सेवाएं निशुल्क देंगे।
उनका कहना है कि कई लोग बड़े कलाकारों को बुलाना चाहते हैं, लेकिन आर्थिक कारणों से ऐसा नहीं कर पाते। अब वे ऐसे लोगों के लिए उपलब्ध रहेंगे, ताकि पैसे की कमी किसी भक्त के धार्मिक आयोजन में बाधा न बने। यह सेवा किसी एक समाज या समुदाय तक सीमित नहीं होगी, बल्कि सर्वसमाज के लिए होगी। देश के किसी भी शहर, गांव या क्षेत्र से कोई भी व्यक्ति उन्हें भजन संध्या के लिए आमंत्रित कर सकता है।
हमर संगवारी परिवार बिलासपुर छत्तीसगढ़ ,
किशोर वाधवानी के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देता है। उनका यह कदम उन लोगों के लिए प्रेरणादायक है, जो जीवनभर धन, संपत्ति और प्रतिष्ठा अर्जित करने में लगे रहते हैं, लेकिन समाज और जरूरतमंदों के लिए समय निकालना भूल जाते हैं।
जीवन के अंतिम पड़ाव में धन-दौलत और संपत्ति से अधिक महत्व अच्छे कर्मों, सेवा, भक्ति, परोपकार और लोगों के आशीर्वाद का होता है। किशोर वाधवानी का यह संकल्प संदेश देता है कि यदि मन में सेवा की भावना हो तो अपनी कला, प्रतिभा और हुनर को भी समाज के कल्याण का माध्यम बनाया जा सकता है।
हमर संगवारी परिवार भगवान से प्रार्थना करता है कि किशोर वाधवानी स्वस्थ, प्रसन्न और दीर्घायु रहें तथा इसी तरह अपनी मधुर आवाज से भक्ति का रस बांटते हुए लोगों के जीवन में श्रद्धा, प्रेम और खुशियां फैलाते रहें।
अब उनकी आवाज सिर्फ मंचों की शोभा नहीं बनेगी, बल्कि सेवा, समर्पण और प्रभु भक्ति का माध्यम बनेगी।
