राकेश डेंगवानी/रायपुर : जहाँ कोई व्यक्ति अपनी पूरी जिन्दगी परिवार सँभालने और उनकी जीवन यापन की जरूरतों को पूरा करने में लगा देता है और उसकी खुद की कई इच्छायें अधूरी रह जाती हैं, वहीं उनके बचे हुये अंतिम समय में तीर्थयात्रा की इच्छा बाकी रह जाती है। शारीरिक स्वास्थ्य और बच्चों के उदासीन रवैये के कारण जब यह इच्छा पूरी नहीं हो पाती और वर्तमान समय में संतान माता-पिता के लिये समय नहीं निकाल पाती, तब संतान का फर्ज निभाने के लिये “एक पहल और” संस्था सामने आई है। यह संस्था हर वर्ष बुजुर्गों को पूरी व्यवस्था के साथ तीर्थयात्रा पर ले जाती है, जिससे बुजुर्गों की अपने जीवन की यह महत्वपूर्ण इच्छा पूरी हो रही है।
प्रस्थान और प्रमुख अतिथियों द्वारा रवानगी :

सभी बुजुर्ग श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुये उत्साह के साथ दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस से तीर्थयात्रा पर रवाना हुये। पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, छत्तीसगढ़ सिंधी महापंचायत के अध्यक्ष अमर गिदवानी, आनंद कुकरेजा और अजीत कुकरेजा सहित समाज के अन्य प्रमुख लोगों ने भगवान झूलेलाल और खाटू नरेश की झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इसके साथ ही सेवा, सम्मान और सामाजिक सरोकारों की मिसाल पेश करते हुये पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत के अध्यक्ष महेश दरयानी, महिला विंग अध्यक्षा दीक्षा रामानी, युवा विंग अध्यक्ष विकास रुपरेला एवं समस्त पदाधिकारियों ने भी रायपुर रेल्वे स्टेशन परिसर से इस तीर्थयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
माहौल और समाजसेवियों की उपस्थिति :
रवानगी के दौरान स्टेशन परिसर में ‘हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा’ और ‘आयो लाल सभई चो झूलेलाल’ के जयकारे गूंजते रहे। मौके पर संस्था के संस्थापक राजेश वाधवानी, संजय पोपटानी, किशोर आहूजा और सुभाष बजाज सहित सिंधी समाज के मुखीगण व समाजसेवी मौजूद रहे। बुजुर्गों की धार्मिक आस्था, सम्मान और सेवा के भाव को समर्पित इस खाटू श्याम तीर्थयात्रा के अवसर पर यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
यात्रा का मार्ग (खाटू श्याम से अजमेर तक) :
- जत्था सबसे पहले जयपुर पहुंचेगा और वहां से खाटू श्याम के दर्शन करेगा।
- इसके बाद श्रद्धालु सालासर बालाजी और पुष्कर धाम जायेंगे।
- यात्रा में झूलेलाल घाट और अजमेर स्थित भव्य झूलेलाल मंदिर के दर्शन भी शामिल हैं, जिसके बाद सभी वापस रायपुर लौटेंगे।
पदाधिकारियों ने की मंगलमय यात्रा की कामना :

इस पावन यात्रा पर रवाना होने वाले बुजुर्ग तीर्थयात्रियों को शुभकामनायें एवं मंगलमय यात्रा का संदेश देने के लिये पूज्य सिंधी सेवा महापंचायत के संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी अपनी पूरी टीम के साथ रवानगी समारोह में शामिल हुये। उन्होंने सभी बुजुर्ग यात्रियों का उत्साहवर्धन करते हुये कहा कि बुजुर्गों की सेवा, सम्मान और उनकी धार्मिक भावनाओं का आदर करना समाज का नैतिक दायित्व है। तीर्थयात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने का भी माध्यम है।
पूज्य सिंधी सेवा महापंचायत की टीम की इस आत्मीय उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। बुजुर्ग तीर्थयात्रियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। समाज के पदाधिकारियों ने सभी यात्रियों को खाटू श्याम जी के दर्शन व सुरक्षित तीर्थयात्रा की शुभकामनायें दीं और इस पुनीत कार्य में अपनी सेवायें देने वाले सभी सेवादारों के समर्पण, सहयोग और सेवा भावना की सराहना करते हुये उनका आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान ही सच्चे संस्कारों की पहचान है और इस तरह की पहल समाज में सेवा, सहयोग और एकजुटता का संदेश देती है।
