
पत्रकार देश की नींव हैं, सभी मिलकर काम करें तो दुनिया की कोई ताकत पत्रकारों को झुका नहीं सकती और न ही उनका अहित कर सकती” – वरिष्ठ पत्रकार बल्लू दुबे
बिलासपुर। पत्रकारिता के प्रति समर्पण, संघर्ष और पत्रकारों के हितों के लिए आजीवन कार्य करने का जज्बा उम्र का मोहताज नहीं होता। इसकी जीवंत मिसाल हैं बिलासपुर के वरिष्ठ पत्रकार बल्लू दुबे। 90 वर्ष की उम्र में भी उनके भीतर पत्रकारिता के प्रति वही जुनून, वही ऊर्जा और वही प्रेम देखने को मिला। उनके जन्मदिन के अवसर पर बिलासपुर प्रेस क्लब में वरिष्ठ पत्रकारों की उपस्थिति में उनका जन्मोत्सव आत्मीयता और सम्मान के साथ मनाया गया।इस अवसर पर नए पत्रकारों के लिए यह क्षण बेहद गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी रहा। प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य बल्लू दुबे वर्ष 1997 से प्रेस क्लब से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे वरिष्ठ अधिवक्ता, कवि और सामाजिक एवं श्रमिक संगठनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे बार काउंसिल के सदस्य, ट्रेड यूनियन काउंसिल बिलासपुर के संयोजक, टेलीफोन यूनियन के अध्यक्ष, मध्यप्रदेश बैंक एम्प्लाई संगठन के प्रदेश महासचिव तथा छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण समिति के संयोजक सहित अनेक संगठनों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।उनकी विशेषता रही है कि जिस संगठन से जुड़े, पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ उसकी सेवा की। मजदूरों और यूनियन के साथियों के अधिकारों की लड़ाई में उन्होंने संघर्ष किया और जरूरत पड़ने पर जेल जाने से भी पीछे नहीं हटे। सच के साथ खड़े रहना और सत्ता तथा प्रशासन के सामने निर्भीक होकर अपनी बात रखना उनकी पहचान रही है। उनके एक आह्वान पर बड़ी संख्या में लोग एकजुट हो जाते थे।जन्मदिन के अवसर पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए बल्लू दुबे ने कहा कि पत्रकार देश की नींव हैं और लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। यदि सभी पत्रकार आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ कार्य करें, एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहें और पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए मिलकर आवाज उठाएं, तो दुनिया की कोई भी ताकत पत्रकारों को झुका नहीं सकती और न ही उनका अहित कर सकती। पत्रकारों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।इस दौरान उनकी सादगी और प्रेस क्लब के प्रति लगाव भी देखने को मिला। स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के बावजूद वे लाठी के सहारे प्रेस क्लब पहुंचे और अपने प्रेस क्लब का परिचय पत्र पहनकर आए। उनका यह भाव देखकर उपस्थित पत्रकार भावुक और अभिभूत हो गए। 90 वर्ष की उम्र में भी अपने संगठन के प्रति ऐसा जुड़ाव और पत्रकारों के हितों की चिंता युवा पीढ़ी के लिए एक बड़ी सीख है।इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने उनसे आशीर्वाद लेते हुए कहा कि उनका अनुभव, मार्गदर्शन और सहयोग नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने बल्लू दुबे से आग्रह किया कि वे आगे भी पत्रकारों के हितों और देशहित में कार्य करने के लिए अपना मार्गदर्शन देते रहें।इस पर बल्लू दुबे ने स्नेहपूर्वक कहा कि वे हमेशा सभी पत्रकारों के साथ हैं और सभी को अपने बच्चों की तरह मानते हैं। उनका यह अपनत्व और आशीर्वाद उपस्थित पत्रकारों के दिल को छू गया।कार्यक्रम में पत्रकारों ने उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की। यह जन्मोत्सव केवल एक वरिष्ठ पत्रकार का जन्मदिन मनाने का अवसर नहीं था, बल्कि पत्रकारिता के संघर्ष, समर्पण, संगठन की शक्ति और वरिष्ठों के अनुभव से सीख लेने का एक यादगार क्षण बन गया।बल्लू दुबे का संदेश नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए एक प्रेरणा है कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि सच, समाज और लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी भी है।
