
कृष्ण प्रधान ने खिलाड़ियों को दिया फिटनेस और संतुलित खानपान का संदेश, बोले– अच्छे खेल के लिए तन और मन दोनों का स्वस्थ होना जरूरी
बिलासपुर। क्रिकेट के प्रति युवाओं में बढ़ते उत्साह और खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से बिलासपुर में हिंदू प्रीमियर क्रिकेट लीग का शानदार आगाज हुआ। मिनी स्टेडियम, गांधी चौक दयालबंद में 26 नवंबर से शुरू हुए इस टूर्नामेंट के पहले दिन रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठजन कृष्ण प्रधान ने टॉस कराकर किया।टूर्नामेंट का पहला मुकाबला परी बिल्डर और डीएस फाइटर के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएस फाइटर की टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 55 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी परी बिल्डर की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। लगातार विकेट गिरने के कारण टीम संभल नहीं पाई और निर्धारित 8 ओवर में 44 रन ही बना सकी। इस तरह डीएस फाइटर ने 11 रनों से शानदार जीत दर्ज की। विजेता टीम के अरमान को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।मैच से पहले दोनों टीमों के कप्तानों ने अपनी-अपनी टीम की जीत का भरोसा जताया। खिलाड़ियों ने बताया कि वे छत्तीसगढ़ के चांपा, जांजगीर, सक्ति सहित अलग-अलग शहरों से इस प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे हैं। कुछ खिलाड़ियों ने बताया कि उन्हें भारत के अलावा नेपाल में भी क्रिकेट खेलने का अनुभव प्राप्त है। वहीं नए खिलाड़ियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने, अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने और आगे बढ़ने का बेहतरीन अवसर मिलता है।खिलाड़ियों को मिला कृष्ण प्रधान का मार्गदर्शनकार्यक्रम के मुख्य अतिथि कृष्ण प्रधान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अच्छा खेल खेलने के लिए शरीर का स्वस्थ और मजबूत होना बेहद जरूरी है। तन के साथ मन का स्वस्थ होना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने खिलाड़ियों को फिटनेस के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान, समय पर सोने और समय पर जागने जैसी अच्छी आदतें अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एक अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना जरूरी है। जब शरीर स्वस्थ और मन एकाग्र होगा, तभी खिलाड़ी खेल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाएगा।गांव की प्रतिभाओं को मंच देना है आयोजन का उद्देश्य : संदीप बोलेआयोजनकर्ता संदीप बोले ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य गांवों और आसपास के क्षेत्रों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच प्रदान करना है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिनमें आगे बढ़ने और प्रदेश व देश का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता है, लेकिन उन्हें उचित अवसर नहीं मिल पाता। इसी सोच के साथ इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों से टीमों और खिलाड़ियों का यहां पहुंचना उनके लिए खुशी की बात है। प्रतियोगिता के फाइनल में विजेता टीम को बड़ी इनामी राशि भी प्रदान की जाएगी।27 नवंबर को भी होंगे रोमांचक मुकाबलेटूर्नामेंट के अगले मुकाबले 27 नवंबर को दोपहर 12 बजे से मिनी स्टेडियम, गांधी चौक दयालबंद में आयोजित होंगे, जो शाम तक जारी रहेंगे। आयोजकों ने क्रिकेट प्रेमियों और खेलप्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाहर से आई टीमों और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें तथा इस रोमांचक क्रिकेट प्रतियोगिता का आनंद लें।
