रायपुर के चर्चित ड्रग्स तस्करी मामले में एनडीपीएस की स्पेशल कोर्ट ने 9 आरोपियों में से 3 को दोषी ठहराते हुए 20-20 साल कैद की सजा सुनाई है। सजा पाने वालों में आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और शुभम सोनी शामिल हैं। वहीं, बाकी 6 आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया है। यह फैसला न्यायाधीश शैलेष शर्मा की कोर्ट ने सुनाया। मामले में कुल 20 लोगों ने गवाही दी थी। इसकी जानकारी सरकारी वकील स्वामी शर्मा ने दी।
शुभम के बयान के आधार पर बनाये गये थे 9 आरोपी

टिकरापारा थाने में साल 2024 में दर्ज इस मामले में आरोपी शुभम सोनी के मेमोरेंडम बयान के आधार पर 8 अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था। इनमें आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट, ओयनका स्टीफेन, अमनदीप छाबड़ा, अभिषेक, लोकेश यादव और अशोक साहू के नाम शामिल थे। इस तरह मामले में कुल 9 आरोपी थे।
कसोल से दिल्ली तक फैला था ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क
पुलिस की जांच में रायपुर से हिमाचल प्रदेश के कसोल और दिल्ली तक ड्रग्स सप्लाई का नेटवर्क सामने आया था। आरोपियों के पास से चरस, एमडीएमए और कोकीन बरामद की गई थी।
कमल विहार में शुभम सोनी के पास मिली थी ड्रग्स और पिस्टल
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2024 को मुखबीर की सूचना पर टिकरापारा पुलिस ने कमल विहार सेक्टर-4 चौक स्थित ऑक्सीजोन के पास कार्यवाही की थी। इस दौरान शुभम सोनी के पास से 31.88 ग्राम चरस, 98 एमडीएमए टैबलेट (कुल वजन 45.08 ग्राम), एक लोहे की पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद की गई थी। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, खाली कैप्सूल, एक लाख रुपए नकद और दो स्मार्टफोन भी मिले थे।
शुभम के लिये ड्रग्स मंगाता था अभिषेक, हर खेप पर मिलता था कमीशन

अभिषेक साहू उर्फ चीनी के मेमोरेंडम बयान के मुताबिक, शुभम सोनी उसका दोस्त था और आयुष अग्रवाल के साथ एमडीएमए और चरस बेचने का काम करता था। शुभम उसे ड्रग्स मंगाने के लिये पैसे देता था। अभिषेक यह रकम अमनदीप सिंह छाबड़ा के बताये बैंक खाते में जमा करवाता था।
अभिषेक के मुताबिक, अमनदीप व्हाट्सऐप और स्नैपचैट पर ड्रग्स की तस्वीरें भेजता था। इसके बाद आर्यन ठाकरे सुनसान जगह पर माल लेकर पहुंचता था। अभिषेक उससे ड्रग्स लेकर शुभम सोनी को देता था। इस काम के बदले उसे हर बार 25 हजार रुपए कमीशन मिलता था।
3 लाख रुपए नाजरे आलम के खाते में जमा कराये थे
अभिषेक ने अपने बयान में बताया कि शुभम से फोन कॉल रिकॉर्ड होने और पुलिस के पकड़ने के डर से वह स्नैपचैट पर बातचीत करता था। उसने करीब एक सप्ताह पहले शुभम से 3 लाख रुपए नकद लिये थे।
इसके बाद अमनदीप से व्हाट्सऐप कॉल पर बातकर नाजरे आलम नाम के व्यक्ति के कोटक महिंद्रा बैंक खाते में यह रकम जमा कराई थी। अभिषेक के मुताबिक, अमनदीप के भेजे गये मैसेज की चैटिंग भी उसके मोबाईल में मौजूद थी।
कसोल के होटल में मैनेजर था आर्यन, 65.50 ग्राम कोकीन मिली
आर्यन ठाकरे के मेमोरेंडम बयान के मुताबिक, वह अमनदीप छाबड़ा और सत्यप्रकाश शास्त्री का दोस्त था। तीनों ने हिमाचल प्रदेश के कसोल में होटल एप्पल पाई लीज पर लिया था। आर्यन वहां मैनेजर के रूप में काम करता था और उसे 25 हजार रुपए महीने वेतन मिलता था।
आर्यन ने बताया कि 21 सितंबर 2024 को सत्यप्रकाश शास्त्री ने उसे जिप वाली प्लास्टिक पन्नी में सफेद पाउडर दिया था। इसे लेकर वह कसोल से रायपुर आया था। पुलिस ने उसके पास से 65.50 ग्राम कोकीन और रेडमी कंपनी का मोबाईल बरामद किया था।
नरैया तालाब के पास होनी थी कोकीन की डिलीवरी
आर्यन के बयान के मुताबिक, अमनदीप छाबड़ा उसे फोन और व्हाट्सऐप के जरिए लोकेशन बताता था। उसे 25 सितंबर 2024 को सुबह करीब 10 से 11 बजे नरैया तालाब के पास पहुंचने के लिये कहा गया था। वहां अभिषेक साहू या उसका कोई अन्य व्यक्ति माल लेने आने वाला था। आर्यन ने बताया कि कोकीन का पैकेट उसने अपनी कार्गो पैंट की जेब में रखा था। अभिषेक इस माल को रायपुर में बेचता था।
हिमाचल से दिल्ली तक जुड़े थे सप्लाई के तार
अमनदीप छाबड़ा के मेमोरेंडम बयान के मुताबिक, वह सत्यप्रकाश शास्त्री के साथ कसोल में होटल एप्पल पाई चला रहा था। उसने बताया कि रायपुर का अभिषेक साहू अपने साथियों के साथ चरस, कोकीन और एमडीएमए की सप्लाई करता था।
इनोसेंट नाम के नाइजीरियाई आरोपी और दिल्ली में रहने वाले अन्य लोगों से कोकीन और एमडीएमए मिलती थी। अमनदीप के मुताबिक, इनोसेंट ने उसे नाजरे आलम नाम के व्यक्ति का कोटक महिंद्रा बैंक खाता दिया था। रायपुर से इस खाते में पैसे जमा करवाये जाते थे।
अमनदीप ने अपने बयान में बताया कि वह इनोसेंट से एमडीएमए और कोकीन, जबकि अशोक यादव से चरस प्राप्त करता था। इसके बाद आर्यन ठाकरे के जरिए ड्रग्स रायपुर भेजी जाती थी।
आर्यन को हर बार 25 हजार रुपए देने के साथ आने-जाने का किराया भी दिया जाता था। रायपुर पहुंचने पर वह अभिषेक साहू को माल देता था और अभिषेक इसकी बिक्री करता था।
इन 9 आरोपियों के नाम आये सामने
इस मामले में शुभम सोनी और अन्य, अभिषेक साहू उर्फ चीनी, लोकेश अग्रवाल उर्फ सोनू, आर्यन ठाकरे, इनोसेंट, अशोक यादव, अमनदीप सिंह छाबड़ा, नाजरे आलम और ओयनका स्टीफेन ओजोचुक्कू के नाम शामिल हैं।
