नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 3,200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले की जांच में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और राज्य पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस पूरे सिंडिकेट में वांटेड और मुख्य वित्तीय समन्वयक माने जाने वाले कारोबारी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ उच्च स्तरीय समन्वय स्थापित करते हुए 27 नवंबर को उसे हिरासत में लेकर मुंबई पहुंचाया। अब कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के पश्चात उसे विशेष अदालत रायपुर में पेश किया जायेगा, जहां जांच एजेंसियां उससे घोटाले की कई अनसुलझी परतों को लेकर गहन पूछताछ करेंगी।
सिंडिकेट का ‘खजांची’: डिस्टिलरीज से कमीशन वसूली और काले धन के प्रबंधन का जिम्मा

जांच एजेंसियों के अनुसार, विकास अग्रवाल पर वर्ष 2019 से 2022 के मध्य छत्तीसगढ़ की सरकारी शराब वितरण व्यवस्था में हुई व्यापक कथित अनियमितताओं में केंद्रीय भूमिका निभाने का गंभीर आरोप है। जांच रिपोर्टों में उसे इस पूरे अवैध सिंडिकेट का केंद्रीय वित्तीय समन्वयक यानी ‘खजांची’ बताया गया है।
CBI के मुताबिक, राज्य की शराब वितरण प्रणाली में की गई इस सुनियोजित हेराफेरी से छत्तीसगढ़ के सरकारी खजाने को 1,280 करोड़ रुपये से भी अधिक का सीधा नुकसान उठाना पड़ा है। आरोप है कि विकास अग्रवाल राज्य की विभिन्न शराब निर्माण इकाइयों (डिस्टिलरीज) से अवैध कमीशन की भारी-भरकम रकम जुटाने और उस धनराशि को संबंधित सरकारी अधिकारियों तथा सिंडिकेट के अन्य प्रभावशाली सदस्यों तक पहुंचाने का प्रमुख माध्यम था। इसके अतिरिक्त, अपराध से अर्जित इस अवैध रकम को छिपाने और उसे वैध रूप देने के उद्देश्य से विभिन्न शेल कंपनियों तथा जटिल वित्तीय व्यवस्थाओं के जरिये लेन-देन कराने में भी उसकी सक्रिय भूमिका सामने आई है। उल्लेखनीय है कि इस प्रकरण में नवंबर 2024 में ही अदालत के समक्ष आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है, किंतु विकास अग्रवाल लगातार फरार चल रहा था और देश छोड़कर भाग गया था।
इंटरपोल के रेड नोटिस के बाद दुबई में शिकंजा, विशेष एस्कॉर्ट टीम लाई भारत
लंबे समय से फरार चल रहे विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी के लिये छत्तीसगढ़ पुलिस के विशेष अनुरोध पर केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से इंटरपोल द्वारा उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया गया था। इस अंतर्राष्ट्रीय नोटिस के सक्रिय होने के बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के सुरक्षा अधिकारियों ने तकनीकी निगरानी के जरिये उसकी सटीक लोकेशन ट्रेस की और उसे हिरासत में ले लिया।
दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण से जुड़ी समस्त कानूनी प्रक्रियायें पूर्ण होने के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस की एक विशेष एस्कॉर्ट टीम UAE रवाना हुई थी। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर UAE के अधिकारियों द्वारा आरोपी विकास अग्रवाल को आधिकारिक रूप से भारतीय सुरक्षा टीम के सुपुर्द किया गया। इसके पश्चात विशेष सुरक्षा घेरे में टीम उसे लेकर 27 नवंबर को मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची।
3,200 करोड़ रुपये तक पहुंचा घोटाले का दायरा, अब तक 1,000 करोड़ की संपत्ति जब्त

छत्तीसगढ़ के इस बहुचर्चित शराब घोटाले की समानांतर जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा भी की जा रही है, जिसने इस संबंध में राज्य के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। मीडिया रिपोर्ट्स और जांच दस्तावेजों के मुताबिक, जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, एजेंसियों ने इस घोटाले का दायरा बढ़ाकर 3,200 करोड़ रुपये तक आंका है। इससे पूर्व जांच के शुरुआती चरणों में 2,161 करोड़ रुपये और तत्पश्चात 2,883 करोड़ रुपये की गड़बड़ी के आंकड़े सामने आये थे।
ED ने अपनी विस्तृत जांच में यह पाया था कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल के दौरान पूर्व IAS अधिकारी अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के तत्कालीन प्रबंध निदेशक (MD) AP त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के नेतृत्व वाले एक संगठित सिंडिकेट के जरिये इस पूरे घोटाले को अंजाम दिया गया था। इस सिंडिकेट के माध्यम से सीधे तौर पर लगभग 1,200 से 1,280 करोड़ रुपये की अवैध उगाही और हेराफेरी किये जाने का आरोप है, जिसके वित्तीय प्रबंधन की कमान विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू के हाथों में थी। इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कार्यवाही करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) अब तक आरोपियों से जुड़ी लगभग 1,000 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को कुर्क अथवा जब्त कर चुका है। विकास अग्रवाल की भारत वापसी से इस मामले में कई अन्य बड़े नामों और वित्तीय लेन-देन के खुलासे होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
