
बिलासपुर / चकरभाटा। वार्ड क्रमांक 13 स्थित भाई रूपचंद कृपाल दास दरबार में प्रथम पातशाही धन-धन श्री गुरु नानक देव साहिब जी की जयंती श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर दरबार में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नगर की संगत ने शामिल होकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।कार्यक्रम के दौरान चकरभाटा के भाई साहब बलरामदास जी (एकादशी वाले) एवं भाई साहब राजकुमार जी द्वारा भावपूर्ण सत्संग एवं कीर्तन किया गया। गुरु नानक साहिब जी की वाणी और उनके उपदेशों के माध्यम से संगत को मानवता, प्रेम, समानता, सेवा एवं सच्चाई के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। इसके पश्चात सोनी भाभी जी द्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का भोग साहिब डाला गया। पूरा दरबार गुरु महिमा और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।धार्मिक कार्यक्रम के पश्चात पूरे नगर की संगत के लिए पूज्य सिंधी धर्मशाला में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।इस संपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में पूज्य सिंधी पंचायत एवं पूज्य रियासती पंचायत का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत के मुखी सुरेश फोटानी एवं पूज्य रियासती पंचायत के मुखी मनोहर लाल मलघानी सहित परसराम बत्रा, मोहनलाल कलवानी, अशोक कुमार मलघानी, महेश चावला, बल्लू आडवाणी, अनिल मलघानी, विनोद चावला, राजकुमार हासवानी सहित नगर के अनेक गणमान्य लोग एवं समस्त संगत उपस्थित रही।सभी श्रद्धालुओं ने गुरु दरबार में माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया और सेवा, सिमरन एवं मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूरा आयोजन धार्मिक एकता, आपसी भाईचारे और सेवा भावना का सुंदर उदाहरण बना।विनोद चावलाब्यूरो चीफ, हमर संगवारीचकरभाटा, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)
