
रात का समय है। बिलासपुर की किसी संकरी गली से एक व्यक्ति अत्यावश्यक काम से निकलना चाहता है, लेकिन पूरी गली में गायों का झुंड बैठा है। आगे बढ़ने की जगह नहीं। हॉर्न बजाने पर भी कोई पशु उठने को तैयार नहीं। किसी तरह रास्ता बनता है तो सामने दो विशाल सांड आपस में भिड़ जाते हैं। राहगीर सहमकर पीछे हटते हैं, वाहन चालक अपने वाहन बचाने की कोशिश करते हैं और कुछ ही क्षणों में पूरी सड़क अफरा-तफरी का दृश्य बन जाती है। यह किसी फिल्म का दृश्य नहीं, बल्कि बिलासपुर के अनेक मोहल्लों में सामने आने वाली रोजमर्रा की वास्तविकता है। बनियापारा, जूना बिलासपुर, गोंडपारा, शनिचरी, बृहस्पति बाजार, चांटीडीह, सरकंडा सहित शहर के अनेक इलाकों में सड़कों और गलियों में घूमते अथवा बैठे मवेशियों के कारण आवागमन प्रभावित होने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। दिन में यातायात बाधित होता है तो रात में अंधेरे में बैठे पशु वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बन जाते हैं। लेकिन इस पूरे दृश्य के बीच एक सवाल लगातार अनुत्तरित रह जाता है – आखिर सड़क पर गाय है तो जिम्मेदारी किसकी है? हमारा तत्काल उत्तर होता है, नगर निगम की! लेकिन क्या केवल नगर निगम की? क्या उस व्यक्ति की कोई जिम्मेदारी नहीं जिसने गाय पाली? क्या उस पशुपालक की कोई जवाबदेही नहीं जिसने वर्षों तक पशु से दूध और आर्थिक लाभ लिया, लेकिन उसके अनुपयोगी होते ही उसे सड़क पर छोड़ दिया? क्या उस समाज की कोई जिम्मेदारी नहीं जो यह सब देखकर भी अनदेखा कर देता है? और क्या हमारी अपनी कोई जिम्मेदारी नहीं? यही वे सवाल हैं जिनसे बचकर हम बार-बार पूरी समस्या का ठीकरा प्रशासन के सिर फोड़ देते हैं। **कभी पशुधन घर की शान था, आज सड़क पर लावारिस क्यों?** भारतीय जीवन-दर्शन और ग्रामीण संस्कृति में गाय केवल एक पशु नहीं रही है। वह ममता, करुणा, कृषि, अर्थव्यवस्था और पारिवारिक संस्कारों का अभिन्न हिस्सा रही है। कभी घर के आंगन में गाय का होना सम्पन्नता और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता था। सुबह उठते ही परिवार के सदस्य की तरह उसकी सुध ली जाती थी। उसके लिए चारा-पानी की व्यवस्था होती थी, बछड़े को बच्चों की तरह दुलार मिलता था और गाय के बीमार या बूढ़े होने पर भी उसे परिवार से अलग करने की कल्पना सहज नहीं थी। पशुधन का अर्थ केवल दूध, पैसा अथवा आर्थिक लाभ नहीं था, बल्कि उसके साथ जुड़ी जीवनभर की जिम्मेदारी भी था। लेकिन आज परिस्थितियां बदल गई हैं। हमने पशु को तब तक अपना माना, जब तक उससे दूध मिला, बछड़ा मिला अथवा आर्थिक लाभ हुआ। जैसे ही उसने दूध देना बंद किया, वह बीमार या बूढ़ी हुई अथवा उसके पालन का खर्च लाभ से अधिक हो गया, अनेक पशुपालकों ने उसे सड़क के हवाले कर दिया। यह कैसी विडंबना है कि जिस गाय को कभी घर की शोभा माना जाता था, वही आज कूड़े के ढेर में भोजन तलाशती, प्लास्टिक खाती और वाहनों के बीच अपनी जान बचाती दिखाई देती है। क्या पशुपालन का अर्थ केवल लाभ प्राप्त करना है? क्या लाभ समाप्त होते ही पालक की जिम्मेदारी भी समाप्त हो जाती है? यदि ऐसा है तो यह पशुपालन नहीं, बल्कि स्वार्थपूर्ण उपभोग है। **आवारा पशु या गैर-जिम्मेदार व्यवस्था और पशुपालक?** हम बड़ी सहजता से सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को ‘आवारा’ कह देते हैं, लेकिन इस शब्द के पीछे छिपे कारणों पर विचार नहीं करते। गाय स्वयं अपनी इच्छा से किसी घर को छोड़कर शहर की सड़कों पर रहने नहीं आई। अनेक पशुओं का कोई न कोई पालक होता है। किसी ने उन्हें खुला छोड़ा, किसी ने उनके भोजन-पानी की व्यवस्था बंद कर दी और किसी ने यह मान लिया कि अब उनकी जिम्मेदारी सरकार अथवा गौशाला की है। बेशक कुछ पशु जन्म से ही निराश्रित होते हैं और कुछ परिस्थितियों के कारण अपने पालकों से बिछुड़ जाते हैं, लेकिन पालतू पशुओं को जानबूझकर सड़क पर छोड़ने की प्रवृत्ति भी इस समस्या का एक महत्वपूर्ण कारण है। इसलिए सवाल केवल यह नहीं होना चाहिए कि सड़क पर घूमते मवेशियों को कौन पकड़ेगा, बल्कि यह भी होना चाहिए कि जिस व्यक्ति ने अपने पशु को लावारिस बनाया, उसकी जवाबदेही कब तय होगी? पशु पालने का अधिकार किसी को भी हो सकता है, लेकिन उसे सार्वजनिक मार्गों पर छोड़कर नागरिकों और स्वयं पशु के जीवन को खतरे में डालने का अधिकार किसी को नहीं है। **सड़क पर गोवंश, मानव सुरक्षा और पशु कल्याण दोनों खतरे में।** सड़क पर बैठे या घूमते मवेशियों की समस्या को केवल यातायात की परेशानी मानना भी उचित नहीं होगा। यह मानव सुरक्षा और पशु कल्याण, दोनों से जुड़ा गंभीर विषय है। अचानक सड़क पार करती गाय को बचाने के प्रयास में दोपहिया चालक संतुलन खो सकता है। अंधेरे में सड़क पर बैठे पशु से वाहन टकरा सकता है। सांडों की आपसी लड़ाई में राहगीर, बच्चे और वाहन चालक चपेट में आ सकते हैं। राजमार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच घूमते मवेशियों की स्थिति और भी भयावह हो जाती है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत प्रकरण में बिलासपुर के सिलपहरी-धूमा क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास पर नौ मवेशियों के वाहन से कुचलकर मारे जाने की घटना का उल्लेख इस समस्या की गंभीरता को रेखांकित करता है। नौ निरीह पशुओं की एक साथ मौत केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि पशु सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और प्रशासनिक निगरानी की व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल है। आखिर वे पशु राजमार्ग तक पहुंचे कैसे? क्या उनकी निगरानी की कोई व्यवस्था नहीं थी? क्या दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रात्रिकालीन सुरक्षा उपाय पर्याप्त थे? इन सवालों का उत्तर तलाशना आवश्यक है। **हाईकोर्ट की चिंता और प्रशासनिक जवाबदेही।** सड़कों पर घूमते मवेशियों की समस्या अब केवल स्थानीय नागरिकों की शिकायत तक सीमित नहीं रही है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के समक्ष भी यह विषय गंभीरता से उठ चुका है। न्यायिक कार्यवाही में संबंधित निकायों और विभागों की जिम्मेदारी, पशुओं को सड़कों से हटाने, सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने तथा उनके समुचित प्रबंधन की आवश्यकता पर ध्यान दिलाया गया है। नगर निगम की ओर से गो-कैचर वाहनों और मोपका तथा सिरगिट्टी स्थित गोठानों में मवेशियों को पहुंचाने जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी भी न्यायालय के समक्ष रखी गई है। प्रशासन की ओर से पशुओं की पहचान के लिए टैगिंग, रात्रि में दृश्यता बढ़ाने के लिए रेडियम कॉलर तथा विशेष अभियान चलाने जैसे प्रयास भी किए जाते रहे हैं। नागरिकों की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन की व्यवस्था भी है। इन प्रयासों का अपना महत्व है, लेकिन मूल प्रश्न यह है कि क्या ये व्यवस्थाएं समस्या की जड़ तक पहुंच पा रही हैं? यदि आज मवेशियों को पकड़कर आश्रय स्थल पहुंचाया जाता है और अगले दिन फिर वही मोहल्ला पशुओं के झुंड से भर जाता है, तो स्पष्ट है कि कहीं न कहीं व्यवस्था की कोई महत्वपूर्ण कड़ी कमजोर है। प्रशासन को केवल कार्रवाई की जानकारी देने के बजाय यह भी सुनिश्चित करना होगा कि समस्या की पुनरावृत्ति न हो। **केवल मवेशी पकड़ना समाधान नहीं, मालिक की पहचान और जवाबदेही जरूरी।** नगर निगम की गाड़ी आए, पशुओं को पकड़े और गौशाला या गोठान पहुंचा दे, यह तात्कालिक राहत हो सकती है, स्थायी समाधान नहीं। जब तक पशु के वास्तविक पालक की पहचान और उसकी जवाबदेही सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक यह समस्या समाप्त नहीं हो सकती। प्रत्येक पालतू पशु की पहचान के लिए टैगिंग और डिजिटल रिकॉर्ड को प्रभावी बनाया जाना चाहिए। सार्वजनिक मार्गों पर पशु छोड़ने वाले मालिकों के विरुद्ध प्रचलित नियमों के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। बार-बार उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी दंडात्मक व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही यह भी आवश्यक है कि पकड़े गए पशुओं के लिए आश्रय स्थलों में पर्याप्त चारा, स्वच्छ पानी, चिकित्सा और सुरक्षित स्थान उपलब्ध हो। गौशालाओं और गोठानों की नियमित जांच हो तथा उनकी वास्तविक क्षमता और वहां रखे गए पशुओं की संख्या का आकलन किया जाए। केवल पशु पकड़ने के आंकड़े प्रस्तुत करना पर्याप्त नहीं, यह देखना भी जरूरी है कि उन पशुओं की आगे की देखभाल किस प्रकार हो रही है। **गो-रक्षा और गो-सेवा के बीच का वास्तविक अंतर समझना होगा।** हम गो-रक्षा की बात बहुत करते हैं। गाय को रोटी खिलाते हैं, उसके नाम पर धार्मिक आयोजन करते हैं, सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हैं और गो-रक्षा के पक्ष में आवाज उठाते हैं। ये सभी कार्य अपनी जगह महत्वपूर्ण हो सकते हैं, लेकिन गो-सेवा का वास्तविक अर्थ इससे कहीं व्यापक है। भूखे पशु को चारा देना, प्यासे को पानी पिलाना, बीमार होने पर उपचार कराना, घायल पशु को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना और बूढ़ी गाय को उसके अंतिम समय तक संरक्षण देना ही वास्तविक सेवा है। जिस पशु को हमने अपने घर में पाला, उससे वर्षों तक लाभ प्राप्त किया और फिर उसे सड़क पर छोड़ दिया, उसके प्रति हमारी आस्था और संवेदना का क्या अर्थ रह जाता है? गो-हत्या के विरुद्ध आवाज उठाना आवश्यक हो सकता है, लेकिन गो-उपेक्षा के विरुद्ध भी उतनी ही गंभीरता से आवाज उठनी चाहिए। भूख से तड़पती गाय, कूड़े में प्लास्टिक तलाशता गोवंश और हाईवे पर दुर्घटना का शिकार होता पशु भी हमारी संवेदना की परीक्षा है। गो-रक्षा का अर्थ केवल किसी खतरे के बाद आक्रोश व्यक्त करना नहीं, बल्कि उस खतरे को पैदा होने से रोकना भी है। **सरकार के साथ समाज और आम नागरिकों की सहभागिता अनिवार्य।** यह मान लेना कि सड़क पर घूमते सभी मवेशियों की समस्या केवल नगर निगम या राज्य सरकार के प्रयासों से हल हो जाएगी, व्यावहारिक दृष्टि से उचित नहीं है। सरकार नीति बना सकती है, नगर निगम मवेशी पकड़ सकता है, पशुपालन विभाग उपचार और तकनीकी सहायता दे सकता है तथा गौशालाएं आश्रय उपलब्ध करा सकती हैं, लेकिन पशुपालक की मानसिकता और सामाजिक व्यवहार में बदलाव के बिना स्थायी समाधान संभव नहीं है। इसलिए बिलासपुर में नगर निगम, पशुपालन विभाग, पुलिस, गौशालाओं, सामाजिक संगठनों, पशु-सेवी संस्थाओं और पशुपालकों के बीच समन्वित व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए। प्रत्येक वार्ड में पशु संबंधी शिकायतों के लिए जिम्मेदार अधिकारी और संपर्क व्यवस्था सार्वजनिक हो। दुर्घटना संभावित मार्गों पर रात्रिकालीन निगरानी और प्रकाश व्यवस्था बढ़ाई जाए। घायल पशुओं के त्वरित उपचार और सुरक्षित स्थानांतरण के लिए सक्रिय रेस्क्यू व्यवस्था हो। पशुपालकों को जागरूक किया जाए कि पशु को खुला छोड़ना केवल सामाजिक अनुशासनहीनता नहीं, बल्कि उसके जीवन और नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है। सामाजिक संस्थाएं निराश्रित और बूढ़े पशुओं के संरक्षण में सहयोग कर सकती हैं, लेकिन यह सहयोग सरकारी जवाबदेही का विकल्प नहीं बनना चाहिए। नागरिकों को भी चाहिए कि किसी घायल पशु को देखकर केवल वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा न करें, बल्कि संबंधित विभाग को सूचना देकर यथासंभव सुरक्षित सहायता उपलब्ध कराएं। **बिलासपुर को शिकायत नहीं, समाधान का मॉडल बनना होगा।** न्यायसंगत और व्यावहारिक व्यवस्था के लिए यह जरूरी है कि पशु पालने की क्षमता को केवल खरीदने या दूध प्राप्त करने तक सीमित न माना जाए। जो व्यक्ति पशु पालता है, उसे उसके भोजन, आश्रय, उपचार और जीवनभर की देखभाल की जिम्मेदारी समझनी होगी। यदि कोई व्यक्ति आर्थिक या अन्य कारणों से पशु का पालन जारी रखने में असमर्थ है, तो उसे मनमाने ढंग से सड़क पर छोड़ने के बजाय वैध और सुरक्षित आश्रय व्यवस्था का सहारा लेना चाहिए। दूसरी ओर, प्रशासन को भी गौशालाओं और गोठानों की क्षमता बढ़ाने, संसाधनों की उपलब्धता और पारदर्शी प्रबंधन पर ध्यान देना होगा। बिलासपुर जैसे तेजी से विकसित होते शहर में यह समस्या केवल आज की असुविधा नहीं, बल्कि भविष्य की सड़क सुरक्षा और शहरी प्रबंधन की चुनौती भी है। यदि अभी जिम्मेदारी तय नहीं की गई तो आने वाले समय में पशुओं और मनुष्यों, दोनों के लिए जोखिम बढ़ सकता है। **अब सरकार से पहले स्वयं से भी सवाल करने का समय है।** हम हर बार पूछते हैं कि सरकार क्या कर रही है, नगर निगम कहां है और प्रशासन क्यों नहीं जागता? ये सवाल पूछना हमारा अधिकार है और प्रशासन को उनका उत्तर देना ही चाहिए। लेकिन इसी के साथ हमें स्वयं से भी पूछना होगा कि यदि हमारे पड़ोस में कोई पशुपालक अपने मवेशियों को खुला छोड़ता है तो क्या हमने कभी उसे समझाने का प्रयास किया? यदि कोई पशु घायल पड़ा है तो क्या हमने संबंधित विभाग को सूचना दी? यदि हमारे घर में गाय है तो क्या हमने उसके बुढ़ापे और बीमारी के दिनों की व्यवस्था के बारे में सोचा है? क्या हमने कभी किसी निराश्रित बूढ़ी गाय के नियमित चारे या उपचार की जिम्मेदारी लेने का प्रयास किया है? इन प्रश्नों के उत्तर ही तय करेंगे कि हमारी गो-भक्ति केवल भावनात्मक अभिव्यक्ति है या उसमें वास्तविक करुणा और जिम्मेदारी भी शामिल है। **गो-रक्षा की शुरुआत नारे से नहीं, जिम्मेदारी से होगी।** जिस गाय के माथे पर हम तिलक लगाते हैं, उसे सड़क पर मरने के लिए छोड़ देना हमारी आस्था का सम्मान नहीं है। जिस गाय को माता कहते हैं, उसे भूख में कूड़ा खाने के लिए मजबूर करना हमारी संस्कृति नहीं है। जिस पशु से जीवनभर लाभ लिया, उसे बूढ़ा होने पर त्याग देना हमारी परंपरा और मानवीय मूल्यों के भी विपरीत है। सरकार अपना दायित्व निभाए, नगर निगम अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारी पूरी करे, पशुपालन विभाग और गौशालाएं अपनी भूमिका निभाएं, लेकिन पशुपालक भी अपने पशु के प्रति जिम्मेदारी से पीछे न हटें। समाज और नागरिकों को भी केवल दर्शक बनकर नहीं रहना चाहिए। क्योंकि यह समस्या किसी एक विभाग, संस्था या व्यक्ति की नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की परीक्षा है। गो-रक्षा केवल कानून का विषय नहीं, संस्कृति और करुणा का प्रश्न भी है। गो-सेवा केवल पुण्य कमाने का माध्यम नहीं, बल्कि मनुष्य होने की पहचान है। इसलिए अब समय आ गया है कि हम केवल यह पूछना बंद करें कि सरकार क्या कर रही है और इसके साथ एक सवाल स्वयं से भी करें – मैं क्या कर रहा हूं? क्योंकि गाय सड़क की वस्तु नहीं, जीवनभर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है। **गो-रक्षा सरकार का दायित्व है, लेकिन गो-सेवा हम सबका कर्तव्य है।** **सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’**वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, अधिवक्ताबिलासपुर, छत्तीसगढ़
