रायपुर : राजधानी रायपुर से करीब 22 किलोमीटर दूर और पाटन विकासखंड से महज छह किलोमीटर की दूरी पर स्थित टोलाघाट इन दिनों ‘दूसरे राजिम’ के रूप में मशहूर हो रहा है। यहां खारुन नदी और सोनपुर नाला के पावन संगम के बीच स्थित 74 फीट ऊंचा भव्य शिव मंदिर न केवल श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक बनकर खड़ा है, बल्कि यह सामाजिक समरसता की एक अनूठी मिसाल भी पेश करता है। नदियों का संगम अक्सर आस्था का प्रमुख केंद्र होता है, लेकिन जब इसके साथ सामाजिक एकजुटता, सामूहिक संकल्प, ऐतिहासिक विरासत और प्रकृति का अनुपम सौंदर्य भी जुड़ जाये तो वह स्थान अपनी एक अलग और अमिट पहचान बना लेता है।

इस मंदिर की सबसे बड़ी खासियत केवल इसकी गगनचुंबी ऊंचाई और वास्तुकला की खूबसूरती ही नहीं है, बल्कि इसके निर्माण के पीछे छिपी 22 गांवों के ग्रामीणों की अटूट एकजुटता और त्याग की प्रेरक कहानी भी है। आज यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ पारिवारिक पिकनिक, सामाजिक समरसता, जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य के लिये भी अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।
एक रुपये चंदे और श्रमदान से शुरू हुआ था ऐतिहासिक संकल्प :
टोलाघाट के इस विशाल शिव मंदिर के निर्माण की कहानी करीब 95 साल पुरानी है, जो सामूहिक इच्छाशक्ति को दर्शाती है। लगभग वर्ष 1930 में ठकुराइन टोला में निषाद समाज की एक महत्वपूर्ण पहली बैठक हुई थी। इस बैठक में आसपास के 22 गांवों के समाजजनों ने एकत्रित होकर संगम तट पर भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प लिया। सर्वसम्मति से यह तय किया गया कि निर्माण कार्य हेतु प्रत्येक घर से सालाना एक रुपये का चंदा लिया जायेगा और हर गांव के लोग बारी-बारी से निस्वार्थ श्रमदान करेंगे। उस दौर में एक रुपये की राशि भले ही आर्थिक दृष्टि से छोटी रही हो, लेकिन इसके पीछे सामूहिक आस्था, समर्पण और एक बड़े सपने को साकार करने की गहरी भावना जुड़ी थी। इस ऐतिहासिक निर्णय के बाद वर्ष 1931-32 में खारुन नदी और सोनपुर नाला के संगम पर मंदिर निर्माण के लिये विधिवत नींव रखी गई। समाज के लोगों ने वर्षों तक निरंतर चंदा जुटाने के साथ-साथ स्वयं की मेहनत से श्रमदान भी किया। करीब पांच दशक से अधिक समय तक चले इन अनवरत सामूहिक प्रयासों और पीढ़ियों के समर्पण के बाद वर्ष 1984 में इस भव्य मंदिर का निर्माण कार्य पूर्ण हुआ।
‘दूसरे राजिम’ के रूप में मिल रही नई और विशिष्ट पहचान :

खारुन नदी और सोनपुर नाला का संगम तथा दोनों जलधाराओं के ठीक बीच में स्थित शिव मंदिर का विहंगम दृश्य बरबस ही छत्तीसगढ़ के प्रयाग कहे जाने वाले राजिम की याद दिलाता है। जिस तरह महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के त्रिवेणी संगम पर स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर अपनी विशिष्ट धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान रखता है, ठीक उसी तरह टोलाघाट का यह शिव मंदिर भी कल-कल बहती जलधाराओं के बीच श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करता है। यही वजह है कि स्थानीय लोग और श्रद्धालु अब इसे श्रद्धापूर्वक ‘दूसरे राजिम’ के रूप में देखने लगे हैं। बरसात के दिनों में यहां का प्राकृतिक नजारा और भी अधिक मनमोहक तथा रोमांचक हो जाता है। मानसून में जब नदी का जलस्तर बढ़ने पर बाढ़ का पानी मंदिर के निचले चबूतरे तक पहुंचता है, तब दूर से देखने पर ऐसा प्रतीत होता है मानो अथाह जलराशि के बीच कोई दिव्य रथ खड़ा हो। नदी की उफनती लहरों के बीच अडिग खड़े मंदिर का यह अद्भुत दृश्य राहगीरों और पर्यटकों को कुछ पल ठहरकर इसे निहारने के लिये मजबूर कर देता है।
सर्दियों में लगता है सैकड़ों प्रवासी पक्षियों का जमावड़ा :
टोलाघाट की खूबसूरती केवल धार्मिक मंदिर और नदी संगम तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थान प्रकृति प्रेमियों और पक्षी विशेषज्ञों के लिये भी आकर्षण का केंद्र है। यहां हर साल शीत ऋतु में सात समंदर पार से सैकड़ों प्रवासी पक्षी पहुंचते हैं। नदी के आसपास का शांत वातावरण, स्वच्छ जल और हरा-भरा प्राकृतिक परिवेश इन मेहमान पक्षियों के प्रवास के लिये पूरी तरह अनुकूल है। सर्दियों के मौसम में कलरव करते इन पक्षियों का जमावड़ा यहां की प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लगा देता है। सबसे खास और सराहनीय बात यह है कि स्थानीय ग्रामीण और युवा इन मेहमान पक्षियों की सुरक्षा और संरक्षण का भी पूरा ध्यान रखते हैं, जिससे इन्हें यहां सुरक्षित माहौल मिलता है।
नदी किनारे बसे हैं 15 से अधिक देवी-देवताओं के मंदिर :
मुख्य शिव मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद समय के साथ खारुन नदी के दोनों तटों पर श्रद्धालुओं ने अपनी गहरी आस्था के अनुरूप अन्य देवी-देवताओं के मंदिर भी बनवाये। वर्तमान में इस पूरे परिसर में 15 से अधिक छोटे-बड़े मंदिर स्थापित हैं, जो श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। संगम क्षेत्र में स्थित ये सभी मंदिर पूरे परिसर को एक भव्य और दिव्य धार्मिक तीर्थ का स्वरूप प्रदान करते हैं। प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर यहां विशाल मेले का आयोजन होता है। मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन की ओर से मेले की सुचारू व्यवस्था की जाती है। इस धार्मिक उत्सव के दौरान आसपास के गांवों के साथ-साथ प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिये पहुंचते हैं।
पिकनिक और धार्मिक संस्कारों के साथ अस्थि विसर्जन का प्रमुख केंद्र :
अपने पौराणिक और धार्मिक महत्व के साथ-साथ टोलाघाट अब आसपास के शहरी और ग्रामीण लोगों के लिये एक पसंदीदा पिकनिक स्थल के रूप में भी तेजी से उभरा है। नदी का विस्तृत रेतीला किनारा, दो जलधाराओं के संगम का शांत नजारा और आध्यात्मिक मंदिर परिसर लोगों को सुकून प्रदान करता है। अवकाश के दिनों में रायपुर, दुर्ग, भिलाई और अभनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में परिवार और युवा यहां भ्रमण के लिये पहुंचते हैं। इसके अतिरिक्त, संगम की पवित्रता के कारण लोग यहां अपने परिजनों के अस्थि विसर्जन और अन्य धार्मिक संस्कारों के लिये भी आते हैं। मुख्य मार्ग से टोलाघाट तक पक्की सड़क का निर्माण होने से अब हर मौसम में यहां का आवागमन बेहद सुगम और सुविधाजनक हो गया है।
लक्ष्मण झूला के निर्माण से पर्यटन संभावनाओं को मिली नई उड़ान :
टोलाघाट की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक रूप से स्थापित करने के लिये निरंतर प्रयास भी किये जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रमुख पर्यटन मानचित्र में इस स्थल को शामिल कराने और पर्यटकों को आधुनिक सुविधा प्रदान करने की दिशा में यहां आकर्षक लक्ष्मण झूला (सस्पेंशन ब्रिज) बनाया गया है। इस झूले के निर्माण से संगम क्षेत्र की सुंदरता और बढ़ गई है, जिससे आने वाले समय में यहां पर्यटकों के आकर्षण और आवागमन को और अधिक बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
