*मैहर* मैहर पुलिस के द्वारा चार पहिया वाहन की खरीदी एवं बिक्री की आड़ में साढ़े 6 लाख की ठगी करने के मामले में 3 आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है। उक्त जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया है कि पुरानी बस्ती निवासी समीर पुत्र हबीब खान 28 वर्ष ने पूजा मिश्रा, उसके भाई विवेक तिवारी और विपिन तिवारी के साथ चार पहिया वाहन खरीदने के लिए अनुबंध किया गया था। तब आरोपियों ने कागजी कार्यवाही कर यह कहते हुए 6 लाख 50 हजार रुपए ऐंठ लिए कि गाड़ी अभी फाइनेंस पर है ऐसे में उसकी बकाया किस्त अदा करनी है जिसके बाद गाड़ी ट्रांसफर करा देंगे। इस दौरान पूजा और विपिन ने एक युवक को अपना ड्राइवार संजय साकेत बताते हुए कागजों में गवाह के तौर पर दस्तखत कराए थे मगर 19 सिंतबर को पता चला कि उक्त युवक का असली नाम संजय नहीं विवेक तिवारी है और वह पूजा व विपिन का छोटा भाई है। यह खुलासा होते ही पीड़ति ने पैसे वापस मांगे तो कुछ दिन टाल-मटोल करने के बाद आरोपी धमकी देने पर उतारू हो गए। अतंतः पीड़ति ने 23 नवंबर को मैहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई जिस पर जांच के बाद बीएनएस की धारा 319/2और 318/4 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया मगर अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नही हो सकी है।
