बिलासपुर। शहर की प्रतिष्ठित और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले वरिष्ठ पत्रकार श्री मोहन मदवानी का सम्मान उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव द्वारा किया गया। यह सम्मान उन्हें समाज के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता, उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह का आयोजन सीएमडी चौक स्थित उद्योग भवन में किया गया, जिसकी मेजबानी प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्र छत्तीसगढ़ वाच द्वारा की गई थी। समारोह में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठन, पत्रकारिता जगत के लोग और विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।
इस अवसर पर बिलासपुर विधायक श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने श्री मदवानी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि श्री मदवानी जैसे पत्रकारों की निर्भीकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता आज के समय में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
समारोह का माहौल गरिमामय रहा और उपस्थित सभी लोगों ने करतल ध्वनि से श्री मदवानी का अभिनंदन किया। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान का प्रतीक है, बल्कि समाज में पत्रकारिता की सार्थक भूमिका की भी पुष्टि करता है।