बिलासपुर, 25 जुलाई 2025 |
सकरी स्थित हंसा लाइफ सिटी कॉलोनी के सैकड़ों रहवासी इन दिनों विद्युत संकट से परेशान हैं। कॉलोनी में लगे ट्रांसफार्मर से दो फेज पर लगातार लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिससे क्षेत्रवासियों का सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
स्थानीय रहवासियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से बिजली की आपूर्ति बेहद कमजोर हो रही है, जिससे न तो पंखे और कूलर चल पा रहे हैं और न ही घरों में लगे अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण काम कर रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या पेयजल आपूर्ति की है, क्योंकि मोटर पंप सही ढंग से नहीं चल पा रहे हैं।
“हम लोगों को पीने के पानी और नहाने जैसे जरूरी कामों के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं, और बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है,” एक स्थानीय निवासी ने बताया।
रहवासियों ने इस संबंध में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के उपयंत्री (वितरण), विद्युत केंद्र सकरी को लिखित आवेदन सौंपा है, जिसमें ट्रांसफार्मर की शीघ्र मरम्मत की मांग की गई है।
इसके साथ ही एक प्रति कार्यपालन यंत्री, विद्युत केंद्र तिफरा को भी भेजी गई है ताकि जल्द से जल्द कार्रवाई हो सके।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं।
फिलहाल विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं आया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।