रीवा (अखंड सत्ता)। रीवा मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर बैकुंठपुर क्षेत्र के तेंदुन गांव में टिकूरा में मां आनंदी का भव्य मंदिर स्थित है। शारदे नवरात्र के अवसर पर यहां भक्तों का अटूट सैलाब उमड़ता है। प्रतिदिन हजारों महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और बच्चे माता की कृपा पाने यहां सम्मिलित होते हैं। स्थानीय मान्यता है कि मां आनंदी के दरबार में जो भी जाता है, उसका जीवन आनंद से परिपूर्ण हो जाता है।
बैकुंठपुर क्षेत्र के कई गांवों के लोग मां आनंदी को अपनी कुलदेवी के रूप में पूजते हैं। यहां के लोग अपने मंगल कार्यों की शुरुआत मां आनंदी के दर्शन से करते हैं। मंदिर की प्रतिमा लगभग 300 वर्ष पुरानी बताई जाती है और बघेलो के वंशज इसे पूजनीय मानते हैं।
मंदिर का भव्य निर्माण स्थानीय लोगों की सहायता और नगर के सभी हिंदू समुदाय के योगदान से कराया जा रहा है। वर्तमान में लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। विशेष रूप से ऊपरी गुंबज का कार्य बाहरी कारीगरों द्वारा कराया जा रहा है। मंदिर के तैयार होने पर यह क्षेत्र का एक बड़ा धार्मिक और आस्था केंद्र बन जाएगा।