(सेमरिया अखंड सत्ता)
सेमरिया। बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में पशु एवं डेयरी विभाग द्वारा गोवर्धन पूजन एवं किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला ने विधि-विधान से गोवर्धन पूजन कर यज्ञशाला में पूजा-अर्चना की। पूजन के पश्चात आयोजित कृषक संगोष्ठी में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने एवं उसके लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती कर रहे किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। पूर्व विधायक के.पी. त्रिपाठी ने बताया कि वे स्वयं पाँच एकड़ भूमि पर प्राकृतिक खेती कर रहे हैं और इससे उन्हें उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त हुए हैं।
उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि “प्राकृतिक खेती से ही हम स्वस्थ रह सकते हैं। रासायनिक खादों जैसे यूरिया और डीएपी के अत्यधिक उपयोग से हम धीरे-धीरे विष ग्रहण कर रहे हैं। अब समय है कि हम प्राकृतिक खेती की ओर लौटें, जो हमारे स्वास्थ्य, भूमि और पर्यावरण—सभी के लिए हितकारी है।” उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य कठिन नहीं होता, बस शुरुआत की आवश्यकता होती है।
श्री शुक्ला ने आगे कहा कि “जो व्यक्ति समस्या का समाधान नहीं कर सकता, वह स्वयं एक समस्या है।” उन्होंने सभी को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व पुरानी रूढ़ियों को समाप्त कर नई स्वस्थ परंपराओं की स्थापना का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि गौमाता की कृपा से जिले के सभी नागरिक सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य प्राप्त करें।
कार्यक्रम के अंतर्गत गौसेवकों का सम्मान एवं गौ-आधारित प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानों के अनुभव साझा किए गए। कार्यक्रम का संचालन गौवंश वन्य विहार के मार्गदर्शक अमित अभयरामदास ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से एसडीएम सिरमौर दृष्टि जायसवाल, वेटनरी संयुक्त संचालक डी.एस. बघेल, जनपद सीईओ हरिश्चंद्र दुबे, उपसंचालक डी.पी. सिंह, कृषि वैज्ञानिक अजय पांडेय, संजय सिंह, नायब तहसीलदार राजेश तिवारी, डॉ. राजेश मिश्रा, डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, प्रबंधक अरुण गौतम, किसान अनिरुद्ध शुक्ला, विवेक सिंह भदौरिया सहित सैकड़ों किसान एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।