गायत्री प्रज्ञापीठ सकरी में प्रज्ञा पुराण कथा- 21 से 25 नवंबर तक


बिलासपुर :- गायत्री प्रज्ञापीठ सकरी के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में पाँच दिवसीय प्रज्ञा पुराण कथा एवं नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन 21से25 नवंबर तक सकरी पुलिस थाना के पास, मेन रोड ग्राउंड में रखा गया है, जिसमें प्रतिदिन 8.30 से 11 बजे तक नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं अपरान्ह
3 से 7 बजे तक प्रज्ञापुराण कथा का कार्यक्रम संपन्न होगा ।
कार्यक्रम की पूर्व तैयारी के रूप में श्री द्वारिका प्रसाद पटेल ने बताया कि इसके लिए ग्राऊंड में भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हो गया है और गायत्री प्रज्ञापीठ सकरी के सभी सदस्य लोगों को प्रज्ञा पुराण कथा आयोजन के आमंत्रण हेतु घर-घर प्रचार कर रहे हैं। प्रज्ञा पुराण के कथावाचक के रूप में गायत्री शक्तिपीठ वाराणसी के आदरणीय श्री अनिलेश तिवारी जी ” भोलेश्री ” के टोली का आगमन हो रहा है। मनुष्य में देवत्व का अवतरण कराने के उद्देश्य से युगऋषि, युगदृष्टा, वेदमूर्ति, तपोनिष्ठ, परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने इस कलिकाल में 19वें पुराण “प्रज्ञा पुराण” की रचना की, जो चार खंडों में प्रकाशित है। प्रथम खंड- लोक कल्याण जिज्ञासा प्रकरण,
जो भक्ति भाव और साहस जगाकर जीवन में संघर्ष का पाठ पढ़ाता है। दूसरा खंड- महामानव खंड ,जो मानव जीवन को पशुता से उठाकर देवत्व की ओर ले जाता है। तीसरा खंड- परिवार खंड, जिसमें परिवार निर्माण, नारी जागरण, शिशु निर्माण और वसुधैव कुटुम्बकम् का पाठ पढ़ाया गया है और चतुर्थ खंड में भारतीय संस्कृति के जागरण का संदेश है। प्रज्ञा पुराण कथा का शुभारंभ देवर्षि नारद और भगवान विष्णु के संवाद से होता है।
तत्पश्चात् नारद जी ने यह कथा महाकाल को सुनाई, महाकाल ने ऋषि परशुराम को, परशुराम जी ने दादा गुरु सर्वेश्वरानंद जी को और दादा गुरु ने पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी को सुनाई, जिन्होंने हम सब तक इसे पहुंचाने के लिए इसे प्रकाशित कराया। भूमि पूजन कार्यक्रम उपजोन बिलासपुर के सह- समन्वयक श्रीराम कुमार श्रीवास, गणेश श्रीवास, द्वारिका पटेल, उधोराम प्रजापति की टोली ने सम्पन्न कराया और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री मोहन अग्रवाल सहित जागेश्वर साहू, त्रिभुवन साहू , पी. एल. कुर्मी जी,ब्लॉक समन्वयक साधुराम कौशिक, उधोराम प्रजापति, सोनसाय साहू , बृजेश साहू, नंदिनी पाटनवार, रामगोपाल कश्यप आदि सभी प्रचार प्रसार के लिए जुटे हुए हैं।