बिलासपुर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी बिगबैश और आईपीएल जैसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंटों में मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाता था। पुलिस ने आरोपी को नेहरू चौक के पास घेराबंदी कर पकड़ा और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में धारा 7(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं 112 बीएनएस के तहत की गई।
गिरफ्तार आरोपी का नाम सैंकी सलूजा पिता जोगेन्द्र, उम्र 36 वर्ष, निवासी दयालबंद मेन रोड, थाना कोतवाली, जिला बिलासपुर बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक आईफोन-17 प्रो, एक मोटोरोला मोबाइल फोन तथा नगद 2,000 रुपये जप्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार दिनांक 6 जनवरी 2026 को सूचना मिली थी कि आयुष अग्रवाल नामक व्यक्ति महाराणा प्रताप चौक, व्यापार विहार के आसपास मोबाइल फोन के माध्यम से क्रिकेट सट्टा खिला रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। आरोपी पुलिस को देखकर आगे बढ़ने लगा, जिसे पीछा कर रोका गया। मोबाइल फोन की जांच करने पर क्रिकेट सट्टा खिलाने की पुष्टि हुई, जिस पर आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
विवेचना के दौरान सामने आया कि उक्त सट्टा गतिविधि में सैंकी सलूजा भी शामिल था, जो घटना दिनांक से फरार चल रहा था। लगातार पतासाजी के बाद सिविल लाइन पुलिस ने आज दिनांक 17 जनवरी 2026 को नेहरू चौक के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा सह-आरोपी के साथ मिलकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कर उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टा एवं जुआ जैसी अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।