लोकसभा की केमिकल एवं फर्टिलाइज़र समिति के स्टडी टूर के दौरान रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल ने बुधवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम स्थित विश्व प्रसिद्ध पद्मनाभ स्वामी मंदिर में भगवान श्रीहरि विष्णु के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। वहीं कन्याकुमारी में समिति सदस्यों के साथ विवेकानंद रॉक मेमोरियल का भ्रमण किया।

उन्होंने कहा कि, अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर के पावन संगम पर स्थित यह ऐतिहासिक स्मारक स्वामी विवेकानंद जी के राष्ट्रचिंतन, आत्मबोध और भारत की आध्यात्मिक चेतना का जीवंत प्रतीक है।
शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन से पूर्व यहीं तीन दिनों की गहन साधना के माध्यम से उन्होंने भारत की आत्मिक शक्ति और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का साक्षात्कार किया,जिसने विश्व मंच पर भारत की गौरवशाली पहचान को नई ऊँचाइयाँ प्रदान कीं।