बिलासपुर। संत बाबा हरदासराम सेवामंडल, गोदड़ीधाम, बिलासपुर का 25वां स्थापना दिवस आगामी 14 अगस्त, शुक्रवार को पूज्य चोलेवाली अम्मां मीरादेवी जी, पीठाधीश्वर देवपुरी दरबार, रायपुर की उपस्थिति एवं सानिध्य में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे झंडावंदन के साथ होगा। इसके पश्चात अखंड धुनी साहब के पाठ साहब का आरंभ किया जाएगा। सिंधी समाज के इष्टदेव साईं झूलेलाल के बहराणा साहब की पूजा-अर्चना के बाद पूज्य चोलेवाली अम्मां मीरादेवी जी का सत्संग होगा।
इसके बाद बहराणा साहब की शोभायात्रा सिंधी कॉलोनी के विभिन्न मार्गों से निकाली जाएगी, जिसका जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा एवं प्रसाद वितरण कर स्वागत किया जाएगा। शोभायात्रा धन गुरु नानक दरबार पहुंचकर संपन्न होगी। इसके पश्चात बहराणा साहब का विसर्जन तिफरा स्थित तालाब में किया जाएगा।
संगत के लिए दोपहर में भंडारे साहब की व्यवस्था भी की गई है। वहीं रात्रि 8 से 10 बजे तक बाबा आनंदराम दरबार, चकरभाटा के संत साईं कृष्णदास जी एवं बलराम भाई की ओजस्वी वाणी में सत्संग एवं भजनों का कार्यक्रम आयोजित होगा। पल्लव साहब के पश्चात समस्त संगत के लिए पुनः आम भंडारे साहब की व्यवस्था रहेगी।
सेवामंडल ने सिंधी समाज के सभी धर्मप्रेमी माताओं, भाइयों एवं बहनों से सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित सभी कार्यक्रमों में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने तथा संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर आवश्यक बैठक रविवार को
स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए रविवार को सत्संग के पश्चात आवश्यक बैठक आयोजित की जाएगी। गोदड़ीधाम के सभी सेवादारियों से बैठक में उपस्थित होकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव देने का आग्रह किया गया है, ताकि 25वें स्थापना दिवस का आयोजन भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न किया जा सके।
जय बाबा गोदड़ीवाले की।
