छत्तीसगढ़ :- आईपीएस रामगोपाल गर्ग ने संभाली जिम्मेदारी, रायपुर में कमिश्नरी सिस्टम के बाद बदलाव तेज
बिलासपुर, 23 जनवरी 2026।
छत्तीसगढ़ में रायपुर शहर में कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस प्रशासन में व्यापक स्तर पर फेरबदल किया गया है। राज्य स्तर पर आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के तहत बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पद की जिम्मेदारी वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रामगोपाल गर्ग को सौंपी गई है।
दिनांक 23 जनवरी 2026 को आईपीएस रामगोपाल गर्ग ने बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। वे 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और इससे पूर्व रायगढ़, राजनांदगांव, सरगुजा और दुर्ग जैसे महत्वपूर्ण जिलों एवं रेंज मुख्यालयों में पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस महानिरीक्षक के पदों पर कार्य कर चुके हैं।

कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इसके पश्चात उन्होंने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों से सौजन्य भेंट की।
इधर, रायपुर में कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। पुलिस विभाग में हुए इस बदलाव को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बिलासपुर रेंज में नए आईजी की नियुक्ति से अपराध नियंत्रण को नई दिशा मिलने की उम्मीद है, वहीं रायपुर में कमिश्नरी सिस्टम से तेज निर्णय, त्वरित कार्रवाई और आधुनिक पुलिसिंग को मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।

