बिलासपुर, 22 जनवरी 2026।
थाना सिरगिट्टी पुलिस ने अवैध महुआ शराब की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 33 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 6600 रुपये है, जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने हेतु अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिरगिट्टी निरीक्षक किशोर केंवट के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 22 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम पोडी बाजार चौक के पास रोड किनारे अवैध रूप से महुआ शराब बेच रहे आरोपी रमेश दास मानिकपुरी को घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसके कब्जे से 21 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत 4200 रुपये) जब्त की गई तथा उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 48/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी क्रम में ग्राम सिलपहरी के गुड़ी मोहल्ला सतनामी पारा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेम कुमार धीरज को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 11 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत 2200 रुपये) जब्त की गई तथा उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 47/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
👤 गिरफ्तार आरोपी
1️⃣ रमेश दास मानिकपुरी, पिता स्व. दयादास, उम्र 35 वर्ष, निवासी कुम्हार पारा पोडी, थाना सिरगिट्टी।
2️⃣ प्रेम कुमार धीरज, पिता स्व. तिजउ, उम्र 40 वर्ष, निवासी गुड़ी मोहल्ला सतनामी पारा, मेन रोड ग्राम सिलपहरी, थाना सिरगिट्टी।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। सिरगिट्टी पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।