सूरजपुर
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के सूरजपुर जिले के भैयाथान मंडल की नई कार्यकारिणी में एक नियुक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिरमिरी स्थित चिरमिरी थाना में वर्ष 2020 के अपराध क्रमांक 340 में भाजपा कार्यकर्ता निखिलेश नारायण पाण्डेय एवं उनके भाई हरि ओम नारायण पाण्डेय के खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर लगभग 7.50 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज किया गया था।
शिकायत के अनुसार, दोनों पर कथित तौर पर बेरोजगार युवाओं से नौकरी लगाने का झांसा देकर राशि लेने के आरोप लगे थे। सूत्रों का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद दोनों कुछ समय तक फरार भी रहे।
इसी बीच हाल ही में किसान मोर्चा की नई कार्यकारिणी में निखिलेश नारायण पाण्डेय को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपे जाने से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मामला लंबित या गंभीर प्रकृति का है, तो ऐसी नियुक्ति संगठन की छवि को प्रभावित कर सकती है।
हालांकि पार्टी या संबंधित पदाधिकारियों की ओर से इस विषय पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
नोट: प्रकरण न्यायालय/पुलिस रिकॉर्ड के अधीन है, आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच व न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।