
रायपुर :- अंतर्राष्ट्रीय मानवता की सेवा के केंद्र तथा भारतीय सनातन संस्कृति व सभ्यता के प्रतीक ख्याति प्राप्त 317 वर्ष प्राचीन आस्था व सेवा का केंद्र रायपुर स्थित पूज्य शदाणी दरबार तीर्थ में प्रकांड विद्वान, करुणा के सागर, विनम्रता की मूर्ति परम पूज्य सतगुरु संत राजाराम साहब जी का 66 वां वर्सी महोत्सव 10 से 13 मार्च 2026 को बड़ी ही धूमधाम के साथ सेवा वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।


जिसमें देश ही नहीं विदेशों से भी अनेक श्रद्धालु इस पावन अवसर का लाभ लेने पहुंच रहे हैं ।लोक कल्याण को अपना कर्तव्य समझ कर करने वाले शिव अवतारी पावन कल्याणकारी संत परंपरा के वर्तमान पीठाधीश नवम् अवतार संत डॉक्टर युधिष्ठिर लाल जी, कर्मयोगी, करुणा व प्रेम तथा सरलता व सहिष्णुता की मूर्ति, मानव सेवा ही माधव सेवा को चरित्रार्थ करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सनातन का परचम लहरा रहे हैं, जिनके मार्गदर्शन एवं सानिध्य में यह अंतरराष्ट्रीय महोत्सव सेवा वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है जिसमें वर्ष भर सेवा के विभिन्न कार्य किए जाते रहेंगे।
विलक्षण प्रतिभा के धनी संत श्री राजाराम साहब जी ने संस्कृत एवं वेदों की शिक्षा हरिद्वार स्थित कनखल आश्रम में प्राप्त की उनकी प्रतिभा से प्रभावित होकर आश्रम के पीठाधीश ने उन्हें उसी आश्रम में पीठाधीश के पद पर आसीन होकर हरिद्वार में ही अपनी सेवाएं देने का आग्रह किया जिसे उन्होंने बड़ी विनम्रता के साथ यह कहते हुए अस्वीकार किया कि, मैं शदाणी दरबार की अमानत हूं, मुझे सिंध स्थित पूज्य शदाणी दरबार में अपनी सेवाएं देनी है। संत श्री जी करुणा के सागर थे, किसी का भी दुख देखकर उनके नेत्रों में अश्रु आ जाते थे, वे भूखों को खिलाकर स्वयं बाद में खाते थे वे चाहते थे, लोगों के दुख सही मायने में दूर हो अतः

उनकी आध्यात्मिक उन्नति एवं सुख समृद्धि का प्रयास करते थे।ऐसे महान संत जी का 66 वां वर्सी महोत्सव 10 से 13 मार्च 2026 को संतों- महामंडलेश्वरों के प्रवचनों की ज्ञान गंगा के साथ, ख्याति प्राप्त भजन गायकों के सुमधुर ईश्वर से जोड़ने वाले गायन से, तथा लोगों की स्वास्थ्य रक्षा के लिए विशाल मेगा मेडिकल कैंप के रूप में इस सेवा वर्ष में नए सोपान जोड़े जा रहे हैं।
लोगों में जागरूकता के लिए विशाल बाइक रैली रविवार दिनांक 8 मार्च को दोपहर 1:00 बजे पूज्य शदाणी दरबार तीर्थ से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण के पश्चात् मोवा स्थित गुरुद्वारे के पास समापन किया जायेगा।
इस पावन अवसर पर श्रीधाम वृंदावन से पुंडरीक गोस्वामी जी एवं भागवत विदुषी कीर्ति किशोरी जी, हरिद्वार से महामंडलेश्वर अभिषेक चैतन्य गिरि जी महाराज, विद्वानों की नगरी काशी से गोविंदानंद जी महाराज, केरल से पूज्य श्री दिव्यानंद सरस्वती जी महाराज एवं रामानंद सरस्वती जी आदि प्रवचन की गंगा बहाने हेतु पधार रहे हैं।

मेगा मेडिकल कैंप 10 से 12 मार्च, कैंसर की अवेयरनेस कैंसर उपचार हेतु विशेषज्ञ, स्किन एवं अन्य डिजीज हेतु विशेषज्ञ, आंखों के लिए आई स्पेशलिस्ट, दातों के लिए डेंटल स्पेशलिस्ट, विभिन्न प्रकार की मेडिकल टेस्ट पूर्ण रूप से निःशुल्क हेतु, ऑन द स्पॉट देने के लिए, लेबोरेटरी स्पेशलिस्ट भी पधार रहें हैं, इस अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर का भी आयोजन 13 मार्च को किया जा रहा है।