रामकृष्ण नगर में सावित्री सिंह के निवास पर लहराया शिव ध्वज
बच्चों के द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
बिलासपुर। रामकृष्ण नगर निवासी सेवानिवृत नर्स सावित्री बहन सिंह के विशेष आग्रह और उनकी गहरी आध्यात्मिक भावना के फलस्वरूप शिव ध्वजारोहण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में राजयोगिनी *ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी एवं ब्र.कु. गायत्री बहन उपस्थित रहीं। उन्होंने ईश्वरीय ध्वज फहराकर उपस्थित भाई-बहनों को परमात्मा के सत्य परिचय का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीदी ने उपस्थित बच्चों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कराकर किया।


अपने प्रेरक संबोधन में मंजू दीदी ने अपनी आध्यात्मिक यात्रा साझा करते हुए बताया कि उन्हें यह ईश्वरीय ज्ञान उत्तरप्रदेश के धनबाद में वर्ष 1976 में 8 वर्ष की अल्पायु में प्राप्त हुआ था और अब 2026 में भी उनके भीतर ज्ञान सागर से नई-नई बातें सीखने की प्यास आज भी उतनी ही प्रबल है, जितनी पहले दिन थी।
दीदी ने जीवन में अहंकार के खतरों के प्रति सचेत करते हुए कहा कि अहंकार कई प्रकार का होता है—रूप-रंग का, धन-दौलत का, पद-प्रतिष्ठा का अथवा अपनी विशेषताओं और गुणों का।
उन्होंने सिकंदर का उदाहरण देते हुए कहा कि इतना बड़ा सम्राट होने के बावजूद वह भी इस संसार से खाली हाथ ही गया। इसलिए हमें जीवन में सदैव सरलता और नम्रता का गुण धारण करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि “जिसकी आत्मिक बैटरी चार्ज है, वही सच्चे अर्थों में सुखी और शक्तिशाली इंसान है।”
सावित्री सिंह एवं उनके परिवार द्वारा मंजू दीदी का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के पश्चात सभी ने प्रसाद ग्रहण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। शोभा सिंह ने प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर परिवार के सदस्यों के साथ कॉलोनी निवासी उपस्थित रहे।