कोरबा, 16 मार्च। चेट्रीचंड पर्व के अवसर पर सिंधी समाज द्वारा आयोजित सिंधी प्रीमियर लीग में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतरीन अवसर मिल रहा है।
प्रतियोगिता का शुभारंभ समाज के अध्यक्ष अशोक चावलानी सहित वरिष्ठजनों द्वारा किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों को टीम भावना के साथ खेलते हुए अनुशासन बनाए रखने की सीख दी गई।
खेल मैदान में दर्शकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह और बढ़ रहा है। मैचों में खिलाड़ी बेहतर तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे प्रतियोगिता रोचक होती जा रही है।


आयोजन समिति के अनुसार, लीग में प्रतिदिन मैचों का आयोजन इस तरह किया जा रहा है कि खिलाड़ी और दर्शक दोनों स्वस्थ मनोरंजन का आनंद ले सकें। पूर्व मैचों में मनोहर एजेंसी ने देशी बॉयज को, जेबी इलेवन ने गणेश इलेवन को और टीएनजी पराडाइज ने जय दुर्गा जूस को हराकर जीत दर्ज की।
अंक तालिका के साथ प्रतियोगिता में टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि इस लीग में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया गया है, जिससे आयोजन की सराहना हो रही है।


आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता के समापन अवसर पर चेट्रीचंड महोत्सव के दौरान विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।