गुढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत चौड़ियार स्थित भैरोनाथ लोक में आगामी 05 जून 2026 से 13 जून 2026 तक श्री रुद्र महायज्ञ एवं संगीतमय शिव महापुराण कथा प्रवचन का भव्य आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
आयोजन समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कार्यक्रम परम पूज्य धर्माचार्य श्री श्री 1008 स्वामी रामशंकर दास वेदान्ती जी महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा। आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र की सुख-शांति, जनकल्याण, राष्ट्र की समृद्धि, सामाजिक सुधार, आपसी सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार बताया गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत 05 जून शुक्रवार को कलश यात्रा एवं मंडप प्रवेश के साथ होगी। वहीं 06 जून शनिवार से वेदी पूजन, यज्ञ एवं शिवमहापुराण पारायण प्रारंभ होगा। प्रतिदिन प्रातः 7:30 बजे से 11:30 बजे तक धार्मिक अनुष्ठान तथा सायंकाल 3:30 बजे से 7:30 बजे तक संगीतमय शिव महापुराण कथा प्रवचन आयोजित किए जाएंगे।
13 जून 2026 को यज्ञ पूर्णाहुति, भंडारा एवं महाप्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन होगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
यह आयोजन भैरोनाथ लोक, ग्राम पंचायत चौड़ियार, गुढ़ रीवा में संपन्न होगा। आयोजन समिति एवं समस्त क्षेत्रवासी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
