दुर्ग। अमोलेश्वर थाना क्षेत्र में एक महिला और उसके परिवार को देर रात धमकाने तथा घर में घुसने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अमोलेश्वरखुर्द निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि 7 जून की रात लगभग 11 बजे कुछ लोग कार से उसके घर पहुंचे और लगातार डोर बेल बजाने लगे। शोर-शराबा सुनकर जब महिला ने गैलरी से पूछा कि कौन है, तब आरोपियों ने उसके पति के बारे में पूछताछ शुरू कर दी।


शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी दीपक वर्मा और जय साहू ने महिला और उसके परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया। दोनों ने कथित रूप से अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी जबरन घर के अंदर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।
घटना के दौरान महिला का पति भी मौके पर पहुंचा, जिसे भी आरोपियों ने धमकाया। हंगामे की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अमोलेश्वर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की भूमिका और घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया अपराध
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 296, 351(3), 79 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
