
बिलासपुर। रतनपुर थाना पुलिस ने महिला संबंधी गंभीर अपराध में फरार चल रहे आरोपी को दो माह बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 367/2026 के तहत धारा 64(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतमचंद्र उर्फ पप्पू डोंगरे (39 वर्ष), पिता मनीराम सूर्यवंशी, निवासी खैरा डगनिया, थाना सीपत, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि घटना की रात उसके पति घर से बाहर गए हुए थे। वह अपनी बेटी के साथ घर पर थी। देर रात लगभग 2 बजे आरोपी घर में घुसा और पीड़िता के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म कर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन वह लगातार फरार चल रहा था।आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा महिला संबंधी लंबित एवं फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी।11 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव खैरा डगनिया पहुंचा है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपुर उपाध्याय के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय की टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।पुलिस ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में फरार आरोपियों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।
