
बिलासपुर। मानसून की लगातार बारिश से बिलासपुर जिले की नदियां, नाले, डैम और जलप्रपात उफान पर हैं। ऐसे में प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने और सोशल मीडिया के लिए रील व सेल्फी बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है।उफनती नदियों, नालों, डैम, पुल-पुलियों व जलप्रपातों से रहें दूर इसे देखते हुए बिलासपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि बारिश के दौरान जलप्रपात, नदी-नाले और डैम का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। तेज बहाव, फिसलन और अनियंत्रित जलधारा किसी भी समय गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए रोमांच के लिए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा से समझौता न करें। प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश पर होगी कार्रवाई प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संवेदनशील एवं प्रतिबंधित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस की लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग की जाएगी। जहां बैरिकेडिंग या प्रवेश निषेध के बोर्ड लगाए गए हैं, वहां प्रवेश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जल संसाधन विभाग ने भी नागरिकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी, नाले, डैम और जलाशयों के किनारे जाने से बचें। जलस्तर में अचानक वृद्धि होने से किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना हो सकती है। प्रशासन का उद्देश्य लोगों को भयभीत करना नहीं, बल्कि संभावित दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखना है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मयंक श्रीवास्तव ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेषकर युवाओं से आग्रह है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें। एक रील या एक सेल्फी दोबारा बनाई जा सकती है, लेकिन खोई हुई जिंदगी कभी वापस नहीं आती।प्रशासन की अपील”बारिश का आनंद लें, लेकिन सुरक्षित दूरी से। सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।”
